देश विदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़

रूस पर यूक्रेन का बड़ा ड्रोन हमला

मास्को के पास वेयरहाउस पर हमला, 7 कर्मचारियों की मौत; तेल डिपो में भी लगी आग

मास्को। रूस-यूक्रेन युद्ध के बीच शनिवार तड़के यूक्रेन ने रूस के कई क्षेत्रों पर बड़े पैमाने पर ड्रोन हमला किया। रूसी अधिकारियों के अनुसार, मास्को से दक्षिण-पूर्व स्थित तांबोव क्षेत्र के कोटोव्स्क शहर में एक लॉजिस्टिक्स वेयरहाउस पर हुए हमले में सात कर्मचारियों की मौत हो गई, जबकि 24 से अधिक लोग घायल हो गए। मृतक सभी कर्मचारी नाइट शिफ्ट में कार्यरत थे।

तांबोव के गवर्नर येवगेनी पेर्विशोव ने बताया कि हमला रूस की प्रमुख ऑनलाइन रिटेल कंपनी वाइल्डबेरीज के वेयरहाउस पर हुआ। उन्होंने दावा किया कि रूसी वायु रक्षा प्रणाली ने 28 यूक्रेनी ड्रोन मार गिराए, जिससे बड़े नुकसान को टाला जा सका।

इसी दौरान मॉस्को क्षेत्र के नोगिंस्क शहर में ड्रोन के मलबे से एक तेल डिपो में आग लग गई, जिसमें दो लोग घायल हो गए। एहतियात के तौर पर पास के मैटरनिटी अस्पताल को खाली कराया गया। अधिकारियों के मुताबिक, डिपो में पेट्रोल, डीजल और केरोसीन का भंडारण किया जाता है।

रूसी प्रशासन ने बताया कि वेयरहाउस में लगी आग पर काबू पा लिया गया है और राहत-बचाव कार्य जारी है। उल्लेखनीय है कि फरवरी 2022 से जारी रूस-यूक्रेन युद्ध के दौरान हाल के महीनों में दोनों देशों के बीच ड्रोन हमलों की घटनाओं में लगातार वृद्धि देखी जा रही है।

Author

Related Articles

Back to top button