विकास कार्यों में देरी बर्दाश्त नहीं, समय-सीमा में पूरे हों सभी प्रोजेक्ट : विधायक रामनिवास शाह
नगर निगम की समीक्षा बैठक में जनसुविधाओं, सड़क, पेयजल, खेल मैदान और सिविक सेंटर निर्माण को लेकर अधिकारियों को दिए निर्देश

सिंगरौली। नगर के समग्र विकास और नागरिक सुविधाओं के विस्तार को लेकर सिंगरौली विधायक रामनिवास शाह ने नगर निगम क्षेत्र में संचालित विभिन्न विकास कार्यों की समीक्षा की। बैठक में उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी निर्माण एवं जनकल्याणकारी कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि आमजन को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
समीक्षा बैठक में विधायक शाह ने पीएम कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस (पीजी कॉलेज) परिसर में सर्वसुविधायुक्त खेल मैदान निर्माण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आधुनिक खेल सुविधाएं मिलने से स्थानीय युवाओं और खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने का अवसर मिलेगा। वहीं सिविक सेंटर निर्माण कार्य की समीक्षा करते हुए उन्होंने अधिकारियों को कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।
बैठक में महापौर रानी अग्रवाल ने बताया कि सिविक सेंटर निर्माण का प्रस्ताव महापौर परिषद से अनुमोदित होकर नगर निगम परिषद को भेजा जा चुका है।
विधायक रामनिवास शाह ने अमृत योजना 2.0 के तहत छोटे-छोटे मोहल्लों तक पेयजल पाइपलाइन पहुंचाने को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पाइपलाइन विस्तार के दौरान क्षतिग्रस्त होने वाली सड़कों की तत्काल मरम्मत कराई जाए, ताकि नागरिकों को परेशानी न हो।
बरसात को देखते हुए विधायक ने नगर की खराब सड़कों की शीघ्र मरम्मत, जलभराव वाले क्षेत्रों की पहचान और नालियों की नियमित सफाई कराने के निर्देश दिए। उन्होंने डेंगू, मलेरिया जैसी मौसमी बीमारियों की रोकथाम के लिए नियमित फॉगिंग और कीटनाशक छिड़काव कराने के साथ ही खराब स्ट्रीट लाइटों को तत्काल बदलने के निर्देश भी दिए।
उन्होंने कहा कि नगर निगम के सभी विकास कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग की जाए और जिन कार्यों में अनावश्यक विलंब हो रहा है, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराया जाए। नागरिकों की समस्याओं का त्वरित समाधान और विकास कार्यों में पारदर्शिता बनाए रखना जरूरी है।
बैठक में महापौर रानी अग्रवाल ने बस स्टैंड सहित प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर ईवी चार्जिंग स्टेशन स्थापित करने, प्रधानमंत्री आवास योजना एवं सामुदायिक भवन निर्माण कार्यों को गति देने तथा नगर क्षेत्र में घूम रहे निराश्रित एवं आवारा पशुओं को गौशालाओं में भेजने की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में अनुविभागीय अधिकारी सिंगरौली सुरेश जाधव, तहसीलदार सविता यादव, नगर निगम डिप्टी कमिश्नर आर.पी. बैस, कार्यपालन यंत्री संतोष पाण्डेय, उपायुक्त वित्त अनुपम द्विवेदी, पीएम कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस के प्राचार्य आर.के. झा, सहायक यंत्री प्रवीण गौस्वामी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।













