स्कूलों के बाहर पुलिस की सख्ती, संदिग्ध बाइक सवारों की हुई जांच
एसपी षियाज के.एम. के निर्देश पर बैढ़न के उत्कृष्ट व कन्या विद्यालय के बाहर विशेष अभियान, छात्राओं की सुरक्षा के लिए वर्दी और सिविल ड्रेस में पुलिस रही तैनात

सिंगरौली। छात्राओं की सुरक्षा और विद्यालय परिसर के आसपास सुरक्षित माहौल सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सिंगरौली पुलिस ने शनिवार को बैढ़न स्थित उत्कृष्ट विद्यालय एवं कन्या विद्यालय के आसपास विशेष जांच अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक षियाज के.एम. के निर्देशन में चलाए गए इस अभियान के दौरान छुट्टी के समय 8 से 10 पुलिसकर्मियों की टीम वर्दी एवं सिविल ड्रेस में तैनात रही और विद्यालय के आसपास खड़े संदिग्ध व्यक्तियों एवं बाइक सवार युवकों की सघन जांच की।
अचानक हुई पुलिस कार्रवाई से स्कूलों के आसपास बिना कारण खड़े बाइक सवारों में हड़कंप मच गया। पूछताछ के दौरान किसी ने अपनी बहन, किसी ने रिश्तेदार या परिचित छात्रा को लेने आने की बात कही, जबकि कुछ युवकों ने मित्र से मिलने अथवा अन्य कारण बताए। पुलिस ने प्रत्येक व्यक्ति से पूछताछ कर उसकी मौजूदगी का सत्यापन किया।
जिन लोगों के परिजन वास्तव में विद्यालय में अध्ययनरत पाए गए, उन्हें पुष्टि के बाद विद्यार्थियों के साथ जाने दिया गया। वहीं बिना किसी ठोस कारण के विद्यालय के आसपास मौजूद युवकों को सख्त हिदायत दी गई कि छुट्टी के समय अनावश्यक भीड़ न लगाएं और केवल आवश्यक होने पर ही विद्यालय परिसर के आसपास आएं।
पुलिस ने स्पष्ट चेतावनी दी कि छात्राओं का पीछा करना, अभद्र टिप्पणी करना, बाइक से बार-बार चक्कर लगाना या किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ऐसे मामलों में संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अधीक्षक षियाज के.एम. ने कहा कि छात्राओं की सुरक्षा, सम्मान और निर्भय आवागमन सुनिश्चित करने के लिए विद्यालयों के आसपास इस तरह के आकस्मिक जांच अभियान भविष्य में भी लगातार जारी रहेंगे।













