बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

1600 विद्यार्थियों ने बनाई मानव श्रृंखला, नशामुक्त समाज का लिया संकल्प

'नशे से दूरी है जरूरी 2.0' अभियान के तहत एसपी षियाज़ के.एम. ने विद्यार्थियों से किया संवाद, उत्कृष्ट प्रतिभाओं को किया सम्मानित

सिंगरौली। मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा संचालित “नशे से दूरी है जरूरी 2.0” अभियान के तहत शनिवार को सरस्वती उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, बिलौंजी में विशाल जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक षियाज़ के.एम. ने विद्यार्थियों से संवाद कर उन्हें नशे से दूर रहने और सकारात्मक जीवन अपनाने का संदेश दिया।

कार्यक्रम की सबसे आकर्षक झलक तब देखने को मिली, जब विद्यालय के करीब 1600 छात्र-छात्राओं ने अनुशासित ढंग से “नशे से दूरी है जरूरी 2.0 – सिंगरौली पुलिस” संदेश को प्रदर्शित करती विशाल मानव श्रृंखला बनाई। इस अनूठी मानव श्रृंखला ने सभी का ध्यान आकर्षित किया। पुलिस अधीक्षक स्वयं भी विद्यार्थियों के बीच मानव श्रृंखला में शामिल हुए और उनके अनुशासन व जागरूकता की सराहना की।

संवाद के दौरान एसपी षियाज़ के.एम. ने विद्यार्थियों से कहा कि नशा व्यक्ति, परिवार और समाज तीनों के लिए घातक है। उन्होंने विद्यार्थियों को अच्छे मित्र चुनने, जीवन में स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित करने तथा शिक्षा, खेल और रचनात्मक गतिविधियों से जुड़कर उज्ज्वल भविष्य बनाने के लिए प्रेरित किया। विद्यार्थियों ने भी नशे के दुष्प्रभावों से जुड़े कई प्रश्न पूछे, जिनका उन्होंने सरल और प्रेरक तरीके से उत्तर दिया।

इस अवसर पर आयोजित चित्रकला, रंगोली एवं निबंध प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया। साथ ही मानव श्रृंखला में सहभागी सभी विद्यार्थियों का भी प्रशस्ति-पत्र देकर उत्साहवर्धन किया गया।

कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने संकल्प लिया कि वे स्वयं नशे से दूर रहेंगे और अपने परिवार, मित्रों एवं समाज को भी नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करेंगे।

कार्यक्रम में विद्यालय के प्राचार्य अश्वनी कुमार सोनी, विद्यालय परिवार तथा पुलिस विभाग से उपनिरीक्षक पवन सिंह, प्रधान आरक्षक आशीष बागरी, नूर आलम, अनूप सिंह एवं आरक्षक अरुण वास्कले सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Author

Related Articles

Back to top button