मध्य प्रदेशसीधी

कुसमी में शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने कलेक्टर का मैदानी निरीक्षण, प्राचार्यों एवं छात्रावास अधीक्षकों की बैठक लेकर दिए गुणवत्ता सुधार के निर्देश

अग्निवीर भर्ती के लिए उजियार कार्यक्रम के प्रभावी संचालन पर दिया जोर

सीधी : जिले में गुणवत्तापूर्ण एवं परिणामोन्मुख शिक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कलेक्टर विकास मिश्रा ने शनिवार को कुसमी विकासखंड का व्यापक भ्रमण कर विद्यालयों, छात्रावासों तथा निर्माणाधीन शैक्षणिक अधोसंरचनाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने सांदीपनि विद्यालय कुसमी में प्राचार्यों एवं छात्रावास अधीक्षकों की बैठक लेकर शैक्षणिक गुणवत्ता, विद्यार्थियों के अधिगम स्तर, छात्रावास संचालन तथा आधारभूत सुविधाओं की विस्तृत समीक्षा की। इसके साथ ही निर्माणाधीन सांदीपनि विद्यालय भवन, सांदीपनि विद्यालय कुसमी, कुरूचु स्कूल भूइमाड़ तथा हाईस्कूल केशलार का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और आवश्यक निर्देश दिए।

बैठक में कलेक्टर ने स्पष्ट कहा कि प्रत्येक बच्चे तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पहुंचाना शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में है। उन्होंने निर्देश दिए कि विद्यालयों में नियमित एवं प्रभावी शिक्षण कार्य सुनिश्चित किया जाए तथा प्रत्येक विद्यार्थी की शैक्षणिक प्रगति का सतत मूल्यांकन किया जाए। कमजोर विद्यार्थियों के लिए विशेष शैक्षणिक सहयोग उपलब्ध कराया जाए और पुस्तकालय, विज्ञान प्रयोगशालाओं, खेल गतिविधियों तथा अन्य उपलब्ध संसाधनों का अधिकतम उपयोग सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने शिक्षकों से विद्यार्थियों में अनुशासन, नैतिक मूल्यों, नेतृत्व क्षमता एवं प्रतिस्पर्धी सोच विकसित करने पर विशेष ध्यान देने को कहा।

कलेक्टर ने छात्रावास अधीक्षकों को निर्देश दिए कि छात्रावासों में स्वच्छता, सुरक्षा, पौष्टिक एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन, शुद्ध पेयजल, स्वास्थ्य परीक्षण तथा अन्य आवश्यक सुविधाएं निर्धारित मानकों के अनुरूप उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने कहा कि छात्रावास केवल आवासीय व्यवस्था नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण का महत्वपूर्ण केंद्र हैं। इसलिए प्रत्येक अधीक्षक विद्यार्थियों के अध्ययन, स्वास्थ्य एवं सुरक्षा के प्रति संवेदनशील रहते हुए नियमित निगरानी सुनिश्चित करें।

बैठक में कलेक्टर ने युवाओं को भारतीय सेना में अधिकाधिक अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से संचालित ‘उजियार’ कार्यक्रम के प्रभावी संचालन के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि विद्यालय स्तर पर पात्र विद्यार्थियों की पहचान कर उन्हें अग्निवीर भर्ती की तैयारी के लिए नियमित प्रशिक्षण, शारीरिक अभ्यास, कैरियर मार्गदर्शन एवं प्रेरणा उपलब्ध कराई जाए, जिससे जिले के अधिक से अधिक युवा अग्निवीर भर्ती में सफलता प्राप्त कर सकें।

कलेक्टर ने सांदीपनि विद्यालय कुसमी का निरीक्षण कर कक्षाओं, पुस्तकालय, प्रयोगशालाओं एवं अन्य शैक्षणिक व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। उन्होंने विद्यार्थियों से संवाद कर उनकी पढ़ाई, भविष्य की योजनाओं एवं प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के संबंध में जानकारी ली तथा उन्हें लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर परिश्रम करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने शिक्षकों को विद्यार्थियों की प्रतिभा को पहचानकर उसे निखारने और नवाचार आधारित शिक्षण पद्धतियों को अपनाने के निर्देश दिए।

भ्रमण के दौरान कलेक्टर ने कुरूचु स्कूल भूइमाड़ का भी निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों, विद्यार्थियों की उपस्थिति, स्वच्छता, आधारभूत सुविधाओं तथा शिक्षण व्यवस्था का अवलोकन करते हुए आवश्यक सुधारात्मक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक विद्यालय में ऐसा प्रेरणादायी वातावरण विकसित किया जाए, जिससे विद्यार्थियों में विद्यालय के प्रति रुचि बढ़े और सीखने की गुणवत्ता में निरंतर सुधार हो।

भ्रमण के दौरान कलेक्टर ने हाईस्कूल केशलार का निरीक्षण कर विद्यालय की शैक्षणिक एवं आधारभूत व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने परीक्षा परिणाम, विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति, पुस्तकालय एवं प्रयोगशालाओं के संचालन, खेल गतिविधियों तथा परिसर की स्वच्छता का अवलोकन करते हुए कहा कि विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ अनुशासन, संस्कार, नवाचार और व्यक्तित्व विकास को समान प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने अधिकारियों एवं शिक्षकों को निर्देश दिए कि प्रत्येक विद्यालय को उत्कृष्ट शिक्षण संस्थान के रूप में विकसित करने की दिशा में समन्वित प्रयास किए जाएं।

कलेक्टर ने निर्माणाधीन सांदीपनि विद्यालय भवन का निरीक्षण कर निर्माण कार्य की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने कार्यदायी संस्था को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप समय-सीमा में पूर्ण किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्य की गुणवत्ता में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी तथा नियमित मॉनिटरिंग के माध्यम से कार्य की प्रगति सुनिश्चित की जाए।

निरीक्षण के दौरान मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत ज्ञानेंद्र मिश्रा, तहसीलदार नारायण सिंह, बीआरसीसी अंगिरा प्रसाद द्विवेदी, संबंधित विभागों के अधिकारी, प्राचार्य, छात्रावास अधीक्षक तथा अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Author

Related Articles

Back to top button