ग्वालियर में बड़ा हादसा: 15 फीट ऊंची दीवार ढही, दो महिलाओं की मौत, कई लोग मलबे में दबे
चिरवाई नाका पर सुबह हुआ हादसा, राहत-बचाव अभियान जारी, घायलों का अस्पताल में इलाज

ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर शहर में रविवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। चिरवाई नाका क्षेत्र में पहाड़ी के किनारे बनी करीब 15 फीट ऊंची दीवार अचानक भरभराकर गिर गई। हादसे के समय दीवार के पास ठेला लगाने वाले और अन्य लोग मौजूद थे, जो मलबे की चपेट में आ गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन, नगर निगम और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंच गए। जेसीबी और अन्य संसाधनों की मदद से मलबा हटाकर लोगों को निकालने का अभियान शुरू किया गया। बचाव दल ने अब तक तीन लोगों को गंभीर हालत में मलबे से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया है, जबकि दो महिलाओं की मलबे में दबने से मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दीवार काफी पुरानी थी और लगातार बारिश के कारण उसकी नींव कमजोर हो गई थी। हादसे के समय वहां कई लोग मौजूद थे, जिससे जनहानि बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। प्रशासन ने पूरे क्षेत्र को घेरकर राहत कार्य तेज कर दिया है और आशंका के मद्देनजर मलबे की लगातार तलाशी ली जा रही है।
पुलिस ने बताया कि हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। प्रशासन का कहना है कि राहत एवं बचाव अभियान पूरा होने के बाद घटना की विस्तृत जांच कर जिम्मेदारों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।













