सीएम के काफिले का प्रोटोकॉल तोड़ना पड़ा भारी, टीकमगढ़ एसपी मनोहर सिंह मंडलोई हटाए गए

टीकमगढ़। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के हालिया टीकमगढ़ दौरे के दौरान वीवीआईपी सुरक्षा प्रोटोकॉल में हुई गंभीर चूक पर राज्य सरकार ने बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की है। टीकमगढ़ के पुलिस अधीक्षक मनोहर सिंह मंडलोई को तत्काल प्रभाव से पद से हटा दिया गया है। गृह विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार उन्हें पुलिस मुख्यालय भोपाल में सहायक पुलिस महानिरीक्षक (एआईजी) के पद पर पदस्थ किया गया है। वहीं श्योपुर के पुलिस अधीक्षक सुधीर कुमार अग्रवाल को टीकमगढ़ का नया एसपी नियुक्त किया गया है।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार को मुख्यमंत्री का कार्यक्रम समाप्त होने के बाद उनका काफिला पुलिस लाइन स्थित हेलीपैड की ओर रवाना हो रहा था। इसी दौरान एसपी पर आरोप है कि उन्होंने नए पुलिस कंट्रोल रूम के लोकार्पण के लिए मुख्यमंत्री के काफिले को बीच रास्ते में रुकवा दिया। इस दौरान स्कूली बच्चों को भी सुरक्षा घेरे के सामने खड़ा किया गया, जिसे वीवीआईपी सुरक्षा मानकों और निर्धारित प्रोटोकॉल का गंभीर उल्लंघन माना गया।
घटना की जानकारी शासन स्तर तक पहुंचने के बाद गृह विभाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई की। आदेश जारी होते ही प्रशासनिक और पुलिस महकमे में हलचल मच गई। अधिकारियों का मानना है कि वीवीआईपी सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही या प्रोटोकॉल उल्लंघन को सरकार ने गंभीरता से लिया है और भविष्य में भी ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।













