जम्मू-कश्मीर में बादल फटने जैसी तबाही: राजौरी में बाढ़ से बेला बस स्टैंड तबाह, 250 वाहन बहे, हाई अलर्ट जारी

नई दिल्ली/राजौरी। जम्मू-कश्मीर में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने भारी तबाही मचा दी है। राजौरी, अनंतनाग और उधमपुर सहित कई जिलों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। सबसे अधिक नुकसान राजौरी शहर में हुआ, जहां देर रात अचानक आई बाढ़ ने बेला बस स्टैंड और आसपास के इलाके को पूरी तरह अपनी चपेट में ले लिया। तेज बहाव में 200 से 250 वाहन बह गए, दो मकान ढह गए और एक महिला के लापता होने की सूचना है। स्थानीय लोग इस आपदा की तुलना वर्ष 1992 की विनाशकारी बाढ़ से कर रहे हैं।
बताया गया कि तड़के करीब तीन बजे अचानक जलस्तर बढ़ने से बेला बस स्टैंड जलमग्न हो गया। वहां खड़े सैकड़ों वाहन तेज धारा में बह गए और कई पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। बाढ़ का पानी रिहायशी इलाकों और बाजारों में भी घुस गया, जिससे घरों में रखा सामान और दुकानों का लाखों रुपये का माल नष्ट हो गया। प्रभावित लोग अपनी जिंदगी भर की कमाई बर्बाद होने की बात कह रहे हैं।
मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने हालात पर लगातार नजर बनाए रखते हुए प्रशासन को राहत एवं बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि इस समय सबसे बड़ी प्राथमिकता लोगों की जान बचाना है। वहीं मौसम विभाग ने 19 से 23 जुलाई तक जम्मू संभाग के कई जिलों में अत्यधिक वर्षा की चेतावनी जारी करते हुए जम्मू, कठुआ, सांबा, राजौरी, डोडा, रामबन और किश्तवाड़ को हाई अलर्ट पर रखा है। प्रशासन ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने और नदी-नालों से दूर रहने की अपील की है।













