दो दिन बाद सकुशल लौटी राष्ट्रीय निशानेबाज दमयंती सेन, दो दिनों की गुमशुदगी अब भी रहस्य

कोलकाता। राष्ट्रीय स्तर की 15 वर्षीय निशानेबाज दमयंती सेन दो दिन तक लापता रहने के बाद शनिवार सुबह सकुशल अपने घर लौट आईं। उनकी सुरक्षित वापसी से परिवार, खेल जगत और शुभचिंतकों ने राहत की सांस ली है, लेकिन इन दो दिनों के दौरान वह कहां रहीं और किन परिस्थितियों में थीं, यह अब भी रहस्य बना हुआ है। मामले की जांच कर रही पुलिस की विशेष जांच टीम (एसआईटी) ने भी अभी तक कोई आधिकारिक खुलासा नहीं किया है।
जानकारी के अनुसार दमयंती सेन गुरुवार दोपहर घरेलू सामान खरीदने के लिए घर से निकली थीं, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटीं। परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की और बाद में पुलिस में गुमशुदगी दर्ज कराई। जांच के दौरान हावड़ा स्टेशन के सीसीटीवी फुटेज में वह प्लेटफॉर्म संख्या चार और पांच के बीच घूमती हुई दिखाई दीं। इसके बाद शुक्रवार को उन्हें हुगली जिले के प्रसिद्ध महेश रथ यात्रा मेले में देखे जाने की सूचना मिली, जिसके बाद पुलिस ने चार विशेष टीमें गठित कर उनकी तलाश तेज कर दी।
शनिवार तड़के हावड़ा जिले के रामकृष्णपुर फेरी जेटी के पास सुबह टहलने निकले लोगों ने दमयंती को पहचान लिया और उनके परिवार को सूचना दी। सूचना मिलते ही उनके पिता ध्रुबज्योति सेन मौके पर पहुंचे और बेटी को सुरक्षित घर ले आए।
हाल ही में भारतीय राष्ट्रीय टीम के ट्रायल के लिए चयनित दमयंती की गुमशुदगी ने खेल जगत में भी चिंता बढ़ा दी थी। हालांकि उनकी सकुशल वापसी सबसे बड़ी राहत है, लेकिन पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि वह दो दिनों तक कहां रहीं, किन लोगों के संपर्क में थीं और उनके लापता होने के पीछे कोई आपराधिक या अन्य कारण तो नहीं था। मामले की जांच अभी जारी है।













