भारी बारिश के चलते बालटाल मार्ग से अमरनाथ यात्रा स्थगित, श्रद्धालुओं से सुरक्षित स्थानों पर रुकने की अपील
मौसम सामान्य होने तक यात्रा पर रोक, तीर्थयात्रियों ने फैसले को बताया सुरक्षा की दृष्टि से उचित

बालटाल। जम्मू-कश्मीर में भारी बारिश और भूस्खलन की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने एहतियातन बालटाल मार्ग से अमरनाथ यात्रा अस्थायी रूप से रोक दी है। श्रद्धालुओं को अगले आदेश तक बालटाल बेस कैंप और आसपास के लंगरों में ही ठहरने तथा प्रशासन के निर्देशों का पालन करने के लिए कहा गया है। अधिकारियों का कहना है कि मौसम की स्थिति की लगातार समीक्षा की जा रही है और परिस्थितियां अनुकूल होने पर ही यात्रा दोबारा शुरू की जाएगी।
यात्रा स्थगित होने के बावजूद श्रद्धालुओं ने प्रशासन के फैसले का समर्थन किया है। एक श्रद्धालु ने कहा कि सरकार ने यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए उचित निर्णय लिया है। उनका कहना था कि यदि आगे भी मौसम खराब रहता है तो सभी को सुरक्षित स्थानों पर रहकर प्रशासन के निर्देशों का पालन करना चाहिए।
एक अन्य श्रद्धालु ने बताया कि वे यात्रा के लिए एक दिन पहले ही पहुंचे थे, लेकिन खराब मौसम के कारण यात्रा रोक दी गई। उन्होंने कहा कि दर्शन के लिए जितना भी इंतजार करना पड़े, वे अमरनाथ बाबा के दर्शन करके ही लौटेंगे।
उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ से पहुंचे एक श्रद्धालु, जो 14 बार अमरनाथ यात्रा कर चुके हैं, ने कहा कि खराब मौसम और भूस्खलन का खतरा यात्रा का हिस्सा है। उन्होंने यात्रियों से अपील की कि यात्रा पर निकलने से पहले मौसम की जानकारी अवश्य लें और छोटे बच्चों व बुजुर्गों को साथ लाने से पहले परिस्थितियों का ध्यान रखें। प्रशासन ने भी स्पष्ट किया है कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।













