दुधीचुआ खदान में 5 घंटे ठप रहा उत्पादन-परिवहन, रोजगार की मांग को लेकर युवाओं का प्रदर्शन
स्थानीय युवाओं को प्राथमिकता, भर्ती में पारदर्शिता और श्रमिक अधिकारों को लेकर सौंपा 24 सूत्रीय मांगपत्र

सिंगरौली। एनसीएल की दुधीचुआ खदान में शनिवार को स्थानीय युवाओं और युवा कांग्रेस के प्रदर्शन के चलते करीब पांच घंटे तक कोयला उत्पादन एवं परिवहन प्रभावित रहा। आउटसोर्सिंग कंपनी चड्ढा कंपनी की भर्ती प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं, स्थानीय विस्थापित एवं प्रभावित परिवारों की उपेक्षा तथा श्रम कानूनों के पालन में लापरवाही के आरोप लगाते हुए प्रदर्शनकारियों ने खदान के मुख्य मार्ग पर जाम लगा दिया, जिससे खदान का संचालन बाधित हो गया।
युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष प्रेम प्रकाश सिसोदिया (सोनू) के नेतृत्व में बड़ी संख्या में युवाओं ने कंपनी प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए स्थानीय युवाओं को रोजगार में प्राथमिकता देने की मांग उठाई। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि प्रभावित क्षेत्र के युवाओं को रोजगार से वंचित किया जा रहा है और भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता नहीं बरती जा रही है।
आंदोलन के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने एनसीएल के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक को 24 सूत्रीय मांगपत्र सौंपा। इसमें स्थानीय युवाओं को प्राथमिकता के आधार पर रोजगार, भर्ती प्रक्रिया को सार्वजनिक एवं पारदर्शी बनाने, आउटसोर्सिंग कंपनियों में हुई नियुक्तियों का विवरण सार्वजनिक करने तथा श्रम कानूनों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने की मांग की गई। प्रदर्शनकारियों ने श्रमिकों को वेतन, ओवरटाइम, आवास और अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा कार्य परिस्थितियों की निष्पक्ष जांच कराने की भी मांग उठाई।
धरना दे रहे युवाओं ने कंपनी के प्रतिनिधि बबलू मिश्रा को मौके पर बुलाने की मांग की। सूचना मिलने पर तहसीलदार जितेंद्र यादव और थाना प्रभारी डॉ. ज्ञानेंद्र सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों से चर्चा की। बाद में कंपनी प्रतिनिधि द्वारा भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता और स्थानीय युवाओं की मांगों पर सकारात्मक विचार करने का आश्वासन दिए जाने के बाद आंदोलन समाप्त हुआ और खदान में उत्पादन एवं परिवहन सामान्य हो सका।प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि स्थानीय युवाओं को रोजगार में प्राथमिकता नहीं दी गई और भर्ती प्रक्रिया की निष्पक्ष जांच नहीं कराई गई, तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।













