शक्तिनगर पुलिस ने चोरी का किया खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार
चार मोटर और कॉपर तार बरामद, एनसीएल अधिकारियों ने की पुलिस की सराहना

सिंगरौली। शक्तिनगर थाना पुलिस ने चोरी के एक मामले का सफल खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की चार लोहे की मोटर एवं एक मोटर का कॉपर तार बरामद किया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सोनभद्र के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक मुख्यालय एवं क्षेत्राधिकारी पिपरी के पर्यवेक्षण में की गई।
थाना शक्तिनगर में दर्ज मु.अ.सं. 132/2026 (धारा 305 बीएनएस) की विवेचना उपनिरीक्षक सदाशिव राय द्वारा की जा रही थी। लगातार सुरागरसी के दौरान पुलिस टीम ने रविवार तड़के करीब 3:32 बजे दो संदिग्धों को गिरफ्तार किया। पूछताछ के बाद उनके कब्जे से चोरी का सामान बरामद किया गया, जिसके आधार पर मामले में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोत्तरी की गई।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान धानू सरदार (24 वर्ष) एवं रंजीत लागोरी (19 वर्ष) के रूप में हुई है, जो वर्तमान में राजकिशन कॉलोनी, शक्तिनगर में रह रहे थे। पुलिस ने दोनों के कब्जे से चार लोहे की मोटर और एक मोटर का कॉपर तार बरामद किया है।
इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक सतेन्द्र कुमार राय, उपनिरीक्षक सदाशिव राय, मुख्य आरक्षी दिनेश भारती, आरक्षी सचिन तिवारी एवं आरक्षी कमल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।चोरी का खुलासा होने पर एनसीएल के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने शक्तिनगर पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना की। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है तथा क्षेत्र में अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।













