बिना मोबाइल नेटवर्क भी होगी बातचीत, बीएसएनएल लाएगा सैटेलाइट फोन
दुर्गम इलाकों में मिलेगा संचार का सहारा, हैंडसेट की कीमत 1.34 लाख रुपये

नई दिल्ली। सरकारी दूरसंचार कंपनी बीएसएनएल ने सैटेलाइट कम्युनिकेशन सेवा को विस्तार देने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए सैटेलाइट फोन उपलब्ध कराने की घोषणा की है। यह फोन उन क्षेत्रों के लिए उपयोगी होगा, जहां सामान्य मोबाइल नेटवर्क की सुविधा उपलब्ध नहीं होती।
बीएसएनएल ने सैटेलाइट फोन की कीमत सभी करों सहित 1,34,166 रुपये प्रति यूनिट निर्धारित की है। इस फोन के माध्यम से दूर-दराज, पहाड़ी और दुर्गम क्षेत्रों में भी वॉइस कॉल और एसएमएस सेवा का उपयोग किया जा सकेगा।
कंपनी के अनुसार यह सेवा रक्षा क्षेत्र, आपदा प्रबंधन, समुद्री गतिविधियों, खनन क्षेत्र, दूरस्थ परियोजनाओं और एडवेंचर ट्रैवल से जुड़े लोगों के लिए बेहद उपयोगी साबित होगी। मोबाइल टावर या सामान्य नेटवर्क की अनुपलब्धता में भी सैटेलाइट आधारित संचार व्यवस्था लोगों को संपर्क में बनाए रखने में मदद करेगी।
बीएसएनएल पहले से ही ग्लोबल सैटेलाइट फोन सर्विस (जीएसपीएस) के माध्यम से वॉइस कॉल और एसएमएस सेवाएं उपलब्ध करा रहा है। कंपनी के मुताबिक सैटेलाइट फोन सेवा लेने वाले ग्राहकों को उपयोग स्थान, सेवा अवधि और फोन इस्तेमाल के उद्देश्य जैसी जानकारी देनी होगी।
बीएसएनएल ने सैटेलाइट फोन के लिए पोस्टपेड और प्रीपेड योजनाएं भी जारी की हैं। सरकारी और वाणिज्यिक संस्थाओं के लिए अलग-अलग मासिक योजनाएं उपलब्ध हैं। कंपनी का कहना है कि यह सुरक्षित संचार प्रणाली एन्क्रिप्टेड तकनीक पर आधारित है।
सैटेलाइट फोन की सुविधा से प्राकृतिक आपदा, सीमावर्ती क्षेत्रों और नेटवर्क विहीन इलाकों में संचार व्यवस्था को मजबूत करने में मदद मिलेगी।













