बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

अमिलिया कोल माइंस विस्तार: प्रभावित परिवारों की सूची तैयार करने की प्रक्रिया तेज

देवसर। टीएचडीसी इंडिया लिमिटेड की अमिलिया कोल माइंस परियोजना के विस्तार को लेकर प्रभावित परिवारों को विशेष पुनर्वास पैकेज उपलब्ध कराने की प्रक्रिया तेज हो गई है। परियोजना प्रबंधन ने उपखंड एवं भू-अर्जन अधिकारी, देवसर को पत्र भेजकर ग्राम पिड़रवाह के निजी आराजियों से प्रभावित परिवारों की सूची नियमानुसार तैयार कराने का अनुरोध किया है।

परियोजना प्रमुख की ओर से जारी पत्र में कहा गया है कि अमिलिया कोल माइंस परियोजना के लिए निजी भूमि का अधिग्रहण पूर्व में संशोधित अवार्ड के तहत किया जा चुका है। अब खदान के विस्तार कार्य के चलते पुनर्वास एवं पुनर्स्थापन नीति के अंतर्गत पात्र प्रभावित परिवारों को विशेष पैकेज प्रदान किया जाना है।

पत्र के अनुसार, स्वीकृत पुनर्वास एवं पुनर्स्थापन नीति के भाग-3 के प्रावधानों के तहत प्रभावित निजी आराजियों के परिवारों को विशेष लाभ दिए जाने का प्रावधान है। इसके लिए पात्र हितग्राहियों की अधिकृत सूची तैयार करना आवश्यक बताया गया है, ताकि पात्र परिवारों को नियमानुसार विशेष पैकेज का लाभ मिल सके।

टीएचडीसी इंडिया लिमिटेड ने प्रशासन से अनुरोध किया है कि अधिग्रहित निजी आराजियों से प्रभावित परिवारों का आवश्यक परीक्षण एवं सत्यापन कर अनुमोदित सूची शीघ्र उपलब्ध कराई जाए। इसके आधार पर पुनर्वास नीति के अनुरूप लाभ वितरण की आगामी प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

परियोजना विस्तार से जुड़े इस पत्र के सामने आने के बाद प्रभावित क्षेत्र के भू-विस्थापित परिवारों में विशेष पैकेज और पुनर्वास लाभों को लेकर उम्मीद बढ़ गई है। अब प्रशासनिक स्तर पर सूची तैयार होने के बाद पात्र हितग्राहियों को नियमानुसार लाभ उपलब्ध कराने की प्रक्रिया आगे बढ़ने की संभावना है।

Author

Related Articles

Back to top button