बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

गोभा पुलिस ने लग्जरी कार से 19 पेटी अवैध शराब की जब्त, आरोपी गिरफ्तार

सिंगरौली। नशामुक्ति अभियान 2.0 के तहत अवैध शराब के परिवहन एवं बिक्री के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए पुलिस चौकी गोभा ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने लग्जरी कार से 19 पेटी अवैध विदेशी शराब जब्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। जब्त शराब की कीमत करीब 1 लाख 25 हजार रुपये बताई गई है, जबकि शराब परिवहन में प्रयुक्त डस्टर कार की कीमत करीब 4 लाख रुपये है।
पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक श्री षियाज के.एम. के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री सर्वप्रिय सिन्हा तथा नगर पुलिस अधीक्षक विंध्यनगर श्री हेमंत कुमार के मार्गदर्शन में अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में चौकी गोभा प्रभारी उप निरीक्षक शिवम सिंह चौहान को मुखबिर से सूचना मिली कि एक डस्टर कार से अवैध शराब छत्तीसगढ़ की ओर ले जाई जा रही है।

सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने ग्राम बरहपान के पास घेराबंदी की। पुलिस को देखकर वाहन चालक ने कार नहीं रोकी, जिसके बाद पुलिस टीम ने पीछा कर ग्राम मुड़वनिया के पास वाहन को रोक लिया। तलाशी लेने पर कार से 18 पेटी गोवा व्हिस्की और 1 पेटी 8 पीएम शराब बरामद हुई। कुल 170 लीटर अवैध विदेशी शराब जब्त की गई।

पुलिस ने वाहन चालक सोनू यादव पिता रामेश्वर यादव, उम्र 30 वर्ष, निवासी ग्राम घुई थाना रमकुला जिला सूरजपुर (छत्तीसगढ़) को गिरफ्तार किया है। आरोपी के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 34(2), 47 के तहत प्रकरण दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया।
कार्रवाई में चौकी गोभा पुलिस टीम के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने बताया कि अवैध शराब एवं नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Author

Related Articles

Back to top button