बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

बालिका विद्यालय के बाहर मनचलों का जमावड़ा, छात्राओं की सुरक्षा को लेकर पुलिस से कार्रवाई की मांग

समाजसेवियों ने जियावन थाने में सौंपा आवेदन, नियमित गश्त और सीसीटीवी लगाने की उठाई मांग

सिंगरौली। देवसर स्थित बालिका विद्यालय के आसपास मनचले युवकों और असामाजिक तत्वों के कथित जमावड़े से छात्राओं की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। इस संबंध में समाजसेवी संदीप शुक्ला, योगेश द्विवेदी एवं रामाश्रय द्विवेदी ने थाना जियावन पहुंचकर पुलिस को आवेदन सौंपा और आवश्यक कार्रवाई की मांग की।

आवेदन में बताया गया है कि विद्यालय खुलने और छुट्टी के समय कुछ युवक स्कूल परिसर, बाजार क्षेत्र एवं राष्ट्रीय राजमार्ग के आसपास एकत्रित रहते हैं। आरोप है कि उनकी संदिग्ध गतिविधियों के कारण छात्राओं और अभिभावकों में असुरक्षा की भावना पैदा हो रही है। आवेदन में यह भी उल्लेख किया गया है कि स्थानीय स्तर पर कुछ युवकों द्वारा छात्राओं का पीछा करने और अभद्र व्यवहार करने के प्रयास की शिकायतें सामने आई हैं। हालांकि इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

समाजसेवियों ने पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। साथ ही विद्यालय परिसर के आसपास नियमित पुलिस गश्त बढ़ाने, संदिग्ध व्यक्तियों पर निगरानी रखने, प्रमुख स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे स्थापित कराने तथा छात्राओं की सुरक्षा के लिए प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने का आग्रह किया है।

समाजसेवियों का कहना है कि छात्राओं को सुरक्षित और भयमुक्त वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। वहीं पुलिस ने आवेदन प्राप्त होने की पुष्टि करते हुए कहा है कि मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Author

Related Articles

Back to top button