स्टेडियम क्रॉसिंग पर दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर, दोनों चालक गंभीर
तेज रफ्तार और विपरीत दिशा में वाहन चलाना बना हादसे की वजह, पुलिस ने शुरू की जांच

सिंगरौली। बैढ़न क्षेत्र के स्टेडियम के पास स्थित क्रॉसिंग पर रविवार देर रात दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में दोनों बाइक चालक गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर एकत्र हो गए।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसे की वजह तेज रफ्तार और विपरीत दिशा से वाहन चलाना बताई जा रही है। दोनों बाइकें तेज गति से आमने-सामने टकराईं, जिससे दोनों चालक सड़क पर गिर पड़े और उन्हें गंभीर चोटें आईं।
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने मानवता का परिचय देते हुए दोनों घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार दोनों की स्थिति गंभीर बनी हुई है।सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर दुर्घटना से जुड़े साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के वास्तविक कारणों की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।













