देश विदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़

प्रयागराज में तालाब में डूबने से चार किशोरों की दर्दनाक मौत, गांव में मातम

प्रयागराज। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले के पुरामुफ्ती थाना क्षेत्र के कुसुआ गांव में बुधवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। गांव के पास स्थित एक तालाब में नहाने गए चार किशोरों की डूबने से मौत हो गई, जिससे पूरे इलाके में शोक की लहर फैल गई।

पुलिस के अनुसार, चारों किशोर गांव से लगभग एक किलोमीटर दूर तालाब पर नहाने पहुंचे थे। इसी दौरान वे तालाब के गहरे हिस्से में चले गए और एक-एक कर डूबते चले गए। मृतकों में तीन नाबालिग और एक युवक शामिल हैं। काफी देर तक जब बच्चे घर नहीं लौटे तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। बाद में ग्रामीणों की मदद से तालाब में खोजबीन की गई, जहां से चारों के शव बरामद हुए।

तालाब के किनारे कपड़े और चप्पल मिलने से इस बात की पुष्टि हुई कि किशोर वहीं नहाने आए थे। सूचना मिलते ही पुरामुफ्ती थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पुरामुफ्ती थाना प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला तालाब में डूबने का प्रतीत हो रहा है, हालांकि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस ग्रामीणों से पूछताछ कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Author

Related Articles

Back to top button