राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में सुप्रीम कोर्ट सख्त, आईपीएस अधिकारी की अगुवाई में बनेगी नई एसआईटी
27 जुलाई को होगी अगली सुनवाई, अब तक 8 आरोपी गिरफ्तार

नई दिल्ली। राम मंदिर में चढ़ावे की चोरी के मामले में सुप्रीम कोर्ट ने सख्त रुख अपनाते हुए जांच को और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए हैं। मुख्य न्यायाधीश जस्टिस सूर्यकांत की अध्यक्षता वाली तीन सदस्यीय पीठ ने मामले की जांच कर रही विशेष जांच टीम (एसआईटी) का पुनर्गठन कर वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी की अगुवाई में नई टीम गठित करने का आदेश दिया है।
सुनवाई के दौरान केंद्र सरकार की ओर से सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने अदालत को बताया कि मामले में स्टेटस रिपोर्ट दाखिल कर दी गई है तथा अब तक आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि जांच तेजी से आगे बढ़ रही है और पुलिस को प्रथम दृष्टया यह संज्ञेय अपराध मिला है।
सुप्रीम कोर्ट ने सुनवाई के दौरान जांच की पारदर्शिता पर जोर देते हुए पूछा कि वर्तमान में जांच की कमान किसके हाथ में है। अदालत ने निर्देश दिया कि नई एसआईटी में वरिष्ठ अधिकारियों को शामिल कर निष्पक्ष जांच सुनिश्चित की जाए।
मुख्य न्यायाधीश ने मामले के राजनीतिकरण पर भी नाराजगी जताते हुए स्पष्ट कहा कि यह अपराध से जुड़ा मामला है और इसे राजनीतिक रंग नहीं दिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि अदालत का उद्देश्य केवल निष्पक्ष जांच और न्याय सुनिश्चित करना है। मामले की अगली सुनवाई 27 जुलाई को होगी, जिसमें उत्तर प्रदेश सरकार नई एसआईटी की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करेगी।













