बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

निर्माण से पहले ढहा शांति धाम, ग्रामीणों ने लगाए भ्रष्टाचार के आरोप

3.70 लाख की लागत से बन रहा था अंतिम संस्कार स्थल, उच्च स्तरीय जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग

सिंगरौली। जिले के चितरंगी जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम पंचायत पोड़ी द्वितीय में सरकारी निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। यहां लगभग 3 लाख 70 हजार रुपये की लागत से निर्माणाधीन शांति धाम की छत ढलने से पहले ही पूरा ढांचा भरभराकर गिर गया। घटना के बाद ग्रामीणों में भारी नाराजगी है और उन्होंने निर्माण कार्य में भ्रष्टाचार तथा घटिया सामग्री के उपयोग का आरोप लगाते हुए उच्च स्तरीय जांच की मांग की है।

जानकारी के अनुसार, शांति धाम का निर्माण ग्रामीणों को अंतिम संस्कार जैसी आवश्यक सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कराया जा रहा था। लेकिन निर्माण पूरा होने से पहले ही भवन ढह जाने से निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल उठने लगे हैं।
ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माण कार्य में मानकों की अनदेखी की गई और घटिया सामग्री का उपयोग किया गया, जिसके कारण यह हादसा हुआ। उनका कहना है कि सरपंच, सचिव और संबंधित उपयंत्री की कथित मिलीभगत से सरकारी राशि का दुरुपयोग किया गया है।

ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष एवं उच्च स्तरीय जांच कराने, निर्माण कार्य की तकनीकी गुणवत्ता की जांच कराने तथा दोषी पाए जाने वाले अधिकारियों एवं जिम्मेदार लोगों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते गुणवत्ता की जांच होती, तो सरकारी धन की बर्बादी रोकी जा सकती थी।

Author

Related Articles

Back to top button