बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

महंगाई के खिलाफ कांग्रेस का हल्ला बोल, चीनी-पेट्रोल-डीजल और मिठाई के दामों पर जताया विरोध

रक्षाबंधन के मौके पर तेलाई मोड़ में प्रदर्शन, केंद्र सरकार की नीतियों को लेकर कांग्रेसियों ने की नारेबाजी

सिंगरौली। रक्षाबंधन के त्योहार के बीच बढ़ती महंगाई को लेकर कांग्रेस ने केंद्र की भाजपा सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए तेलाई मोड़ में ‘महंगाई के खिलाफ हल्ला बोल’ कार्यक्रम आयोजित किया। हिर्रवाह मंडल कांग्रेस अध्यक्ष देवी शरण साह के नेतृत्व में आयोजित प्रदर्शन में शहर कांग्रेस अध्यक्ष प्रवीण सिंह चौहान, कांग्रेस सेवा दल अध्यक्ष रूपेश चंद पांडे सहित सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने चीनी, मिठाई, पेट्रोल-डीजल सहित रोजमर्रा की आवश्यक वस्तुओं की बढ़ती कीमतों को लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि महंगाई लगातार आम आदमी के घरेलू बजट को प्रभावित कर रही है। त्योहारों के समय खाद्य सामग्री और मिठाइयों के बढ़ते दाम से मध्यम और गरीब परिवारों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है।

कार्यक्रम को लेकर कांग्रेस नेताओं ने कहा कि ‘महंगाई के खिलाफ जनता की आवाज’ को बुलंद करने के लिए यह प्रदर्शन किया गया है। नेताओं ने आरोप लगाया कि सरकार की आर्थिक नीतियों के कारण आम लोगों को राहत नहीं मिल पा रही है। पेट्रोल-डीजल और खाद्य वस्तुओं की कीमतों में कमी किए जाने की मांग भी कांग्रेस द्वारा उठाई गई।

हिर्रवाह मंडल अध्यक्ष देवी शरण साह द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में कांग्रेस पदाधिकारियों ने कहा कि रक्षाबंधन जैसे त्योहार पर परिवारों को अतिरिक्त खर्च करना पड़ता है, लेकिन बढ़ती महंगाई के कारण त्योहार की खुशियों पर भी आर्थिक दबाव बढ़ रहा है। कांग्रेस ने केंद्र सरकार से आवश्यक वस्तुओं की कीमतों पर नियंत्रण के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की।

बताया गया कि यह कार्यक्रम प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के निर्देश पर आयोजित किया गया। प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की मौजूदगी रही। नेताओं ने कहा कि जब तक आम जनता को महंगाई से वास्तविक राहत नहीं मिलती, तब तक कांग्रेस जनहित के मुद्दों को लेकर आवाज उठाती रहेगी।

Author

Related Articles

Back to top button