बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

देवरा में दलित परिवार पर लगातार अत्याचार: पुलिस में शिकायत करने पर रंजिशन मारपीट, ट्रैक्टर के पाइप से पीटा; अजाक थाने में मामला दर्ज

 

सिंगरौली। जिले के बैढ़न थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम देवरा में एक दलित परिवार को रंजिशन लगातार निशाना बनाए जाने और जातिगत अपमान व मारपीट का गंभीर मामला सामने आया है। पूर्व में हुई मारपीट की पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराने से आक्रोशित दबंगों ने पहले अस्पताल से लौटते समय पीड़ित व उसके पिता पर जानलेवा हमला किया और बाद में छात्र को बंधक बनाकर ट्रैक्टर के हाइड्रोलिक पाइप से बेरहमी से पीटा। मामले में अजाक थाने में नामजद शिकायत दर्ज कराई गई है।

अस्पताल से लौटते वक्त पत्थरों से हमला
पीड़ित राजाबाबू भारती (पिता नन्दलाल भारती, निवासी देवरा) द्वारा अजाक थाने में दी गई शिकायत के अनुसार, उनके पिता ड्यूटी जा रहे थे, तभी रास्ते में दबंगों ने उनके साथ गाली-गलौज कर मारपीट की थी। थाने में रिपोर्ट के बाद जब पीड़ित अपने पिता का ट्रॉमा सेंटर से मेडिकल कराकर देर रात करीब 2 बजे घर लौट रहा था, तभी देवरा स्कूल के पास पिंटू शाह, अविनाश, अन्नू शाह, गोल्डेन शाह एवं राहुल शाह ने रास्ता रोक लिया। आरोपियों ने जातिसूचक गालियां देते हुए पत्थरबाजी की, जिसमें पत्थर लगने से पीड़ित बाइक सहित गिर पड़ा और जान बचाकर भागा।

आईटीआई छात्र को रास्ते से उठाकर पाइप से पीटा
रंजिश यहीं खत्म नहीं हुई। अनपरा से आईटीआई कर रहे नन्दलाल साकेत के 19 वर्षीय पुत्र अमन साकेत ने दर्ज कराई गई एफआईआर में बताया कि पुरानी मारपीट की रंजिश को लेकर जब वह बिलौंजी जा रहा था, तभी सेंट जोसेफ स्कूल तिराहे पर अंकित शाह और अभिषेक शाह (दोनों निवासी देवरा) ने उसे रोक लिया। आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए उसके साथ मारपीट की और जबरन बाइक पर बैठाकर ग्रीन सिटी गनियारी ले गए।
वहां पहले से मौजूद श्याम लाल शाह के साथ मिलकर तीनों आरोपियों ने जातिगत अपशब्द कहे और ट्रैक्टर के हाइड्रोलिक पाइप व लात-घूंसों से उसकी पीठ व कमर पर बेदम पिटाई की। आरोपियों ने धमकी दी कि यदि उनके खिलाफ थाने में रिपोर्ट की, तो पूरे परिवार को जान से खत्म कर देंगे।

अजाक थाने में अपराध दर्ज
पीड़ित पक्ष की शिकायत पर अजाक पुलिस ने आरोपियों—अंकित शाह, अभिषेक शाह, श्याम लाल शाह सहित अन्य के विरुद्ध मारपीट, जान से मारने की धमकी एवं अनुसूचित जाति/जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। दलित परिवार ने पुलिस प्रशासन से सुरक्षा और आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई की गुहार लगाई है।

Author

Related Articles

Back to top button