सरई में सोते रहे परिजन, पीछे की दीवार तोड़कर लाखों के जेवरात व नकदी पार, डॉग स्क्वॉड के साथ जांच में जुटी पुलिस

सिंगरौली। सिंगरौली जिले के सरई थाना क्षेत्र अंतर्गत वार्ड क्रमांक 15 में शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात अज्ञात चोरों ने एक सूने कमरे में सेंधमारी कर चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम दिया। चोर कच्चे मकान की पिछली दीवार तोड़कर अंदर दाखिल हुए और पेटी व अलमारी के ताले तोड़कर लाखों रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात, नकदी और अन्य घरेलू सामान समेटकर फरार हो गए। वारदात के वक्त परिवार के सभी सदस्य घर के अन्य कमरों में सो रहे थे।
सुबह बिखरा मिला सामान, टूटे मिले ताले
पीड़ित परिजनों के अनुसार, राम लल्लू उपाध्याय के घर की पिछली कच्ची दीवार को काटकर चोर अंदर घुसे। इसके बाद कमरे में रखी पेटी और अलमारी के ताले चटकाकर उसमें रखे सारे कीमती जेवर, नकदी व सामान चोरी कर लिया। शनिवार सुबह जब परिवार के सदस्यों की नींद खुली तो पिछली दीवार टूटी हुई थी और घर का सामान अस्त-व्यस्त फैला हुआ था। पेटी व अलमारी के ताले टूटे देख परिजनों के होश उड़ गए, जिसके बाद तुरंत घटना की सूचना सरई पुलिस को दी गई।
फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट और डॉग स्क्वॉड ने जुटाए साक्ष्य
घटना की सूचना मिलते ही सरई थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मौका मुआयना किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने साक्ष्य जुटाने के लिए मौके पर फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट और डॉग स्क्वॉड की टीम को बुलाया, जिन्होंने घटनास्थल से अहम वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए हैं।
जांच में जुटी पुलिस
सरई थाना प्रभारी प्रहलाद मर्सकोले ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। फिंगरप्रिंट और डॉग स्क्वॉड की मदद से सुराग जुटाए जा रहे हैं और आसपास के संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है। वहीं, पीड़ित परिवार ने पुलिस प्रशासन से चोरी गए सामान की बरामदगी और आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है।













