एनसीएल अंतर क्षेत्रीय कैरम प्रतियोगिता में ककरी ने जीता टीम चैंपियनशिप का खिताब
जयंत परियोजना रही उपविजेता, सिंगल्स में पंकज साहू और डबल्स में राज कुमार-धीरज कुमार वर्मा की जोड़ी ने मारी बाजी

सिंगरौली/ नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड की अंतर क्षेत्रीय कैरम प्रतियोगिता 2026-27 का आयोजन केंद्रीय कर्मशाला (सीडब्ल्यूएस) में 25 से 27 अगस्त तक किया गया। प्रतियोगिता में एनसीएल के 13 क्षेत्रों एवं इकाइयों से 65 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। सिंगल्स, डबल्स और टीम चैंपियनशिप के मुकाबलों में खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया।
समापन समारोह में एनसीएल के महाप्रबंधक (मानव संसाधन) राजेश त्रिवेदी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि खेल गतिविधियां कर्मचारियों में टीम भावना, सकारात्मक ऊर्जा और स्वस्थ कार्य वातावरण को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
टीम चैंपियनशिप में ककरी परियोजना ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि जयंत परियोजना उपविजेता रही। सिंगल्स वर्ग में जयंत के पंकज साहू ने पहला स्थान प्राप्त किया और ककरी के धीरज कुमार वर्मा दूसरे स्थान पर रहे। वहीं डबल्स वर्ग में ककरी के राज कुमार एवं धीरज कुमार वर्मा की जोड़ी विजेता रही। मुख्यालय के विक्की कुर्मी एवं एन. गणेश राव ने उपविजेता का स्थान हासिल किया।
समापन अवसर पर कंपनी जेसीसी सदस्य, महाप्रबंधक (केंद्रीय कर्मशाला) बी.सी. शर्मा, एनसीएल स्पोर्ट्स प्रमोशन बोर्ड के सदस्य, परियोजना जेसीसी सदस्य सहित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
प्रतियोगिता के सफल आयोजन में एनसीएल कल्याण विभाग की टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उत्तर प्रदेश कैरम एसोसिएशन के रणबीर सिंह एवं रमेश कुमार वर्मा ने प्रतियोगिता में रेफरी की जिम्मेदारी संभाली।
एनसीएल की ओर से कर्मचारियों के शारीरिक एवं मानसिक विकास, मनोबल और टीम भावना को बढ़ावा देने के उद्देश्य से प्रतिवर्ष विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाता है।













