राष्ट्रीय खेल दिवस पर फुटबॉल प्रतियोगिता, बार्सिलोना सीनियर ने जीता खिताब
मेजर ध्यानचंद को श्रद्धांजलि देकर प्रतियोगिता का शुभारंभ, फाइनल में गोरबी स्पोर्टिंग क्लब को 3-1 से हराया

सिंगरौली। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर जिला खेल एवं युवा कल्याण विभाग सिंगरौली द्वारा फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद को श्रद्धांजलि अर्पित कर की गई। मोरवा एसडीओपी रोशनी कर्मी ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा गया कि खेल केवल मैदान में जीतना नहीं सिखाता, बल्कि जीवन में अनुशासन, संघर्ष और कभी हार न मानने की भावना भी विकसित करता है। राष्ट्रीय खेल दिवस मेजर ध्यानचंद की जयंती के अवसर पर मनाया जाता है। इस दिन खेलों के प्रति जागरूकता और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाती हैं।
प्रतियोगिता के पहले मुकाबले में एमएससी बार्सिलोना जूनियर ने निगाही स्पोर्टिंग क्लब को 1-0 से हराया। दूसरे मैच में एमएससी बार्सिलोना सीनियर ने हिरवाह स्पोर्टिंग क्लब सीनियर को 2-0 से पराजित किया। तीसरे मुकाबले में पेनल्टी शूटआउट में गोरबी स्पोर्टिंग क्लब विजेता रहा, जबकि चौथे मैच में 1-1 की बराबरी के बाद पेनल्टी शूटआउट में विंध्यनगर की टीम ने जीत दर्ज की।
पहले सेमीफाइनल में एमएससी बार्सिलोना सीनियर ने बार्सिलोना जूनियर को 2-0 से हराया। दूसरे सेमीफाइनल में गोरबी स्पोर्टिंग क्लब ने विंध्यनगर क्लब को 3-1 से पराजित कर फाइनल में प्रवेश किया।
फाइनल मुकाबले में एमएससी बार्सिलोना सीनियर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए गोरबी स्पोर्टिंग क्लब को 3-1 से हराकर प्रतियोगिता का खिताब अपने नाम किया। फाइनल के मुख्य अतिथि विधायक रामनिवास शाह एवं विशिष्ट अतिथि बंदना हॉस्पिटल के डायरेक्टर सिद्धार्थ सिंह ने खिलाड़ियों के लिए 5100 रुपये की नगद पुरस्कार राशि प्रदान की।
कार्यक्रम में भाजपा मंडल बैढ़न अध्यक्ष सौरभ गुप्ता, जिला सचिव लवकुश तिवारी, जिला उपाध्यक्ष असगर अली, इमरान, प्रियंक तिवारी सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। आयोजन में खेल अधिकारी सीएसपी हेमंत कुमार, राकेश मिश्रा, ब्लॉक समन्वयक खेल एवं युवा कल्याण विभाग तथा अन्य अधिकारी-कर्मचारियों की सहभागिता रही।













