मेडिकल कॉलेज रोड नहीं बनी तो पार्षद कैसे जिम्मेदार? कांग्रेस ने भाजपा पर साधा निशाना
कांग्रेस शहर जिलाध्यक्ष प्रवीण सिंह चौहान बोले- श्रेय आपका, सत्ता आपकी, फिर सड़क की जवाबदेही से क्यों भाग रही सरकार

सिंगरौली। वार्ड 45 की मेडिकल कॉलेज रोड की बदहाल स्थिति को लेकर कांग्रेस कमेटी सिंगरौली शहर जिलाध्यक्ष प्रवीण सिंह चौहान ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि कुछ लोग मेडिकल कॉलेज रोड का निर्माण नहीं होने का दोष वार्ड पार्षद राम गोपाल पाल पर मढ़ रहे हैं, जबकि सड़क निर्माण की जिम्मेदारी नगर पार्षद की नहीं, बल्कि शासन और संबंधित विभाग की होती है।

चौहान ने कहा कि जब मेडिकल कॉलेज का निर्माण हुआ और उसका उद्घाटन हुआ, तब भाजपा के बड़े नेता, मंत्री और जनप्रतिनिधि इसे सरकार की उपलब्धि बताकर श्रेय लेने में आगे रहे। लेकिन आज उसी मेडिकल कॉलेज तक पहुंचने वाली सड़क बदहाल है तो इसकी जिम्मेदारी अचानक पार्षद की बताई जा रही है। उन्होंने इसे राजनीति का दोहरा मापदंड बताया।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने कहा कि वार्ड 45 के पार्षद राम गोपाल पाल ने सड़क निर्माण को लेकर कई बार लिखित रूप से मांग उठाई है। इसके बावजूद सड़क का निर्माण नहीं हो सका। उन्होंने सवाल किया कि प्रदेश में सरकार भाजपा की है, सांसद और विधायक भाजपा के हैं तथा संबंधित विभाग भी शासन के अधीन हैं, तो फिर सड़क की बदहाली के लिए पार्षद को जिम्मेदार ठहराने का आधार क्या है?
चौहान ने कहा कि उपलब्धियों का श्रेय लेने में भाजपा आगे रहती है, लेकिन जनता की समस्याओं की जिम्मेदारी से बचने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि श्रेय यदि सरकार का है, सत्ता यदि भाजपा की है तो सड़क निर्माण की जवाबदेही भी सरकार की ही होनी चाहिए।













