बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

खाखन नदी का पुल जलमग्न, सीधी-सिंगरौली मार्ग पर थमे वाहनों के पहिए

तेज बहाव से पुल क्षतिग्रस्त होने की सूचना, दोनों तरफ कई किलोमीटर लंबा जाम; प्रशासन ने रूट डायवर्ट कर जारी किया अलर्ट

सिंगरौली। विंध्य क्षेत्र और सिंगरौली जिले में पिछले कई दिनों से जारी मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। लगातार बारिश के चलते नदी-नालों का जलस्तर तेजी से बढ़ गया है। देवसर के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग-39 (NH-39) पर स्थित सजहर-खाखन नदी का पुल भी तेज बहाव की चपेट में आ गया। नदी का पानी पुल के ऊपर से बहने और पुल के क्षतिग्रस्त होने की सूचना के बाद सीधी-सिंगरौली मुख्य मार्ग पर आवागमन पूरी तरह रोक दिया गया।
पुल पर पानी का तेज बहाव होने के कारण सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस और राजस्व अमले ने तत्काल मौके पर पहुंचकर दोनों ओर बैरिकेडिंग कर दी। मार्ग बंद होने के बाद सीधी और सिंगरौली की ओर जाने वाले वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। यात्री बसों के साथ कार, दोपहिया और मालवाहक वाहन भी जाम में फंस गए। मार्ग बंद होने से यात्रियों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

प्रशासनिक अमला मौके पर, स्थिति पर नजर
घटना की जानकारी मिलते ही एसडीएम, एसडीओपी, थाना प्रभारी सहित राष्ट्रीय राजमार्ग से जुड़े अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने नदी और पुल की स्थिति का जायजा लिया तथा सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करते हुए लोगों को जोखिम न उठाने की हिदायत दी। प्रशासन की ओर से लगातार स्थिति की निगरानी की जा रही है।
इस बीच सोशल मीडिया पर दो बाइक सवारों के तेज बहाव में बहने की अपुष्ट सूचना भी प्रसारित हुई। हालांकि प्रशासनिक स्तर पर फिलहाल किसी जनहानि की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। अधिकारियों ने लोगों से अपुष्ट सूचनाओं पर भरोसा नहीं करने और प्रशासन की ओर से जारी जानकारी का ही अनुसरण करने की अपील की है।

वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग तय
पुल पर आवागमन बंद होने के बाद जिला प्रशासन ने अलग-अलग श्रेणी के वाहनों के लिए रूट डायवर्जन लागू किया है। बैढ़न से सीधी जाने वाली बसों और सामान्य यात्री वाहनों को बड़ोखर/बरगवां से गिधेर, खड़ौरा और देवसर बाजार/चितरंगी तिराहा होकर सीधी भेजा जा रहा है। सीधी से बैढ़न आने वाली बसों को चितरंगी तिराहा, जियावन के बगल से खड़ौरा, गिधेर और बरगवां होते हुए बैढ़न की ओर डायवर्ट किया गया है।
कार एवं दोपहिया सहित छोटे वाहनों के लिए बैढ़न से सीधी की ओर झुरही, पुरानी देवसर, लोहरा, ढोगा और जियावनडांड मार्ग निर्धारित किया गया है। इसी मार्ग से सीधी की ओर से आने वाले छोटे वाहनों को भी बैढ़न भेजा जाएगा।
भारी मालवाहक वाहनों के लिए अलग मार्ग तय किया गया है। बैढ़न से सीधी जाने वाले भारी वाहनों को मोरवा/बरगवां से चितरंगी एवं कर्थुआ मार्ग से भेजा जा रहा है। वहीं सीधी से बैढ़न आने वाले भारी वाहनों को कर्थुआ से चितरंगी होते हुए मोरवा/बरगवां की ओर डायवर्ट किया गया है।

नदी-नालों के पास नहीं जाने की अपील
जिला प्रशासन ने लगातार बारिश को देखते हुए नागरिकों को सतर्क रहने की सलाह दी है। प्रशासन ने अपील की है कि उफनती नदियों, नालों और जलमग्न पुल-पुलियों के पास जाने का जोखिम न लें। वाहन चालक बैरिकेडिंग हटाकर अथवा पानी के तेज बहाव के बीच से निकलने का प्रयास न करें। प्रशासन ने लोगों से निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का ही उपयोग करने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।

Author

Related Articles

Back to top button