मुंबई: कल से बढ़ जाएगा ऑटो-टैक्सी का सफर महंगा, जानें नई किराया दरें

मुंबई -महानगर क्षेत्र में रोज सफर करने वाले लोगों के लिए 1 सितंबर 2026 से जेब पर अतिरिक्त बोझ पड़ने वाला है। मुंबई महानगर क्षेत्र परिवहन प्राधिकरण ने ऑटो-रिक्शा और काली-पीली टैक्सी के किराए में बढ़ोतरी को मंजूरी दे दी है, जो मंगलवार आधी रात से लागू हो जाएगी।
कितना बढ़ा किराया
ऑटो-रिक्शा में पहले 1.5 किलोमीटर तक का न्यूनतम किराया अब 26 की जगह 27 रुपये होगा, जबकि काली-पीली टैक्सी का न्यूनतम किराया 31 से बढ़कर 33 रुपये हो जाएगा। जब तक गाड़ियों के मीटर अपडेट नहीं हो जाते, ड्राइवर स्वीकृत टैरिफ कार्ड दिखाकर नई दरों पर किराया वसूल सकेंगे। मीटर अपडेट कराने के लिए ड्राइवरों को 30 नवंबर 2026 तक की मोहलत दी गई है।
प्रति किलोमीटर दर
ऑटो-रिक्शा: शुरुआती दूरी के बाद हर किलोमीटर पर 18.22 रुपये
काली-पीली टैक्सी: शुरुआती दूरी के बाद हर किलोमीटर पर 21.90 रुपये
यह नई व्यवस्था मुंबई, ठाणे, नवी मुंबई, मीरा-भायंदर और कल्याण-डोंबिवली समेत पूरे एमएमआर क्षेत्र में लागू होगी।
शेयरिंग और एसी टैक्सी पर असर
शेयर ऑटो का न्यूनतम किराया 1 रुपये बढ़कर 12 रुपये हो गया है, जबकि शेयर टैक्सी में प्रति यात्री 11 रुपये चुकाने होंगे। एसी काली-पीली टैक्सी में सामान्य किराए से 10 प्रतिशत ज्यादा देना होगा। इसके अलावा रात 12 बजे से सुबह 5 बजे तक सफर करने वालों को 25 प्रतिशत नाइट चार्ज अलग से चुकाना पड़ेगा।
यात्रियों की जेब पर सीधा असर
2 किमी की यात्रा: ऑटो का किराया 34 से बढ़कर 36 रुपये, टैक्सी का 41 से बढ़कर 44 रुपये
5 किमी की यात्रा: ऑटो 86 से बढ़कर 91 रुपये, टैक्सी 103 से बढ़कर 110 रुपये
10 किमी की यात्रा: ऑटो 171 से बढ़कर 182 रुपये, टैक्सी 207 से बढ़कर 219 रुपये
इस तरह छोटी दूरी से लेकर लंबी दूरी तक, हर यात्रा पर यात्रियों को पहले से कुछ ज्यादा खर्च करना होगा।













