कौशांबी: पटाखा फैक्ट्री में जोरदार धमाका, दर्जनभर मजदूर झुलसे, दूर-दूर तक दिखा धुआं

लखनउ-उत्तर प्रदेश के प्रयागराज-कौशांबी बॉर्डर पर स्थित एक पटाखा फैक्ट्री में सोमवार को जोरदार विस्फोट हुआ, जिसके बाद फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। हादसे के समय फैक्ट्री के अंदर करीब 12 मजदूर काम कर रहे थे, विस्फोट होते ही सभी बुरी तरह झुलस गए। यह फैक्ट्री मनोरी स्थित एयरफोर्स स्टेशन के काफी करीब है, जिसके चलते हादसे की खबर मिलते ही एयरफोर्स के अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए। घटना की सूचना पर फायर ब्रिगेड और पुलिस टीम भी तुरंत मौके पर पहुंचकर राहत-बचाव कार्य में जुट गई।
धमाके की आवाज दूर तक सुनाई दी
विस्फोट की गूंज इतनी तेज थी कि आसपास के इलाकों में साफ सुनाई दी, वहीं करीब 2 किलोमीटर दूर से ही आसमान में धुएं का गुबार उठता देखा गया। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। राहत की बात यह रही कि फैक्ट्री आबादी वाले क्षेत्र से थोड़ा हटकर बनी थी, वरना आसपास के कई घर भी इसकी चपेट में आ सकते थे। घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोग मौके पर दौड़े और घायलों को फैक्ट्री से बाहर निकालने में जुट गए।
ग्रामीणों ने संभाला मोर्चा, चारपाई पर लादकर पहुंचाया अस्पताल
आसपास के गांवों के लोग घटनास्थल पर पहुंचे और फायर ब्रिगेड व पुलिस को पूरी जानकारी दी। इसके बाद पुलिस-फायर ब्रिगेड की टीम और स्थानीय ग्रामीणों ने मिलकर राहत कार्य शुरू किया। बताया जा रहा है कि गंभीर रूप से झुलसे मजदूरों को साधन न मिलने पर चारपाई पर लादकर स्थानीय लोगों ने अस्पताल पहुंचाया। घटना को लेकर अब तक प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। फिलहाल फायर ब्रिगेड की टीम फैक्ट्री में लगी आग पर काबू पाने के प्रयास में जुटी हुई है।













