नेपाल में बाढ़ की भीषण तबाही: डूबे बैंक से मिला 50 करोड़ का सोना, अब तक 903 मौतें, 4200 से ज्यादा लापता

नई दिल्ली- नेपाल में आई विनाशकारी बाढ़ और सैलाब के बीच चल रहे राहत-बचाव अभियान के दौरान एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। नुवाकोट जिले के त्रिशूली स्थित कृषि विकास बैंक की शाखा भोटेकोशी नदी के उफान में पूरी तरह डूब गई थी और आशंका थी कि बैंक का सारा कीमती सामान बह गया होगा। लेकिन करीब 8 घंटे चले कठिन रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद बैंक के मलबे से 50 करोड़ रुपये का सोना और डेढ़ करोड़ रुपये की नकदी सुरक्षित बरामद कर ली गई। प्रशासन ने इस पूरे खजाने को कड़ी सुरक्षा के साथ सुरक्षित स्थान पर पहुंचा दिया है।
903 शव बरामद, 4200 से ज्यादा अब भी लापता
नेपाल के गृह मंत्रालय के राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की ताजा रिपोर्ट के अनुसार, इस भीषण त्रासदी में अब तक 903 लोगों के शव बरामद किए जा चुके हैं। इनमें चितवन से 272, नवलपरासी पूर्व से 207, नवलपरासी पश्चिम से 151, नुवाकोट से 95 और बाकी जिलों से दर्जनों शव शामिल हैं। वहीं 4,247 लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं, जिनमें नेपाल पुलिस, नेपाली सेना और सशस्त्र बल के जवानों के अलावा जलविद्युत परियोजनाओं के 933 कर्मचारी और 592 विदेशी नागरिक भी शामिल हैं।
20 हजार से ज्यादा जवान जुटे, अब तक 10 हजार से अधिक लोग बचाए गए
राहत-बचाव के लिए नेपाल पुलिस, सेना और सशस्त्र पुलिस बल के 20,800 से ज्यादा जवान मौके पर तैनात हैं। अब तक 10,451 लोगों को सुरक्षित निकाला जा चुका है, जिसमें सेना ने 411 हेलिकॉप्टर उड़ानों के जरिए 3,500 से अधिक देशी-विदेशी नागरिकों को एयरलिफ्ट किया। हाइड्रोपावर प्रोजेक्ट्स में फंसे चीनी और भारतीय नागरिकों को भी सुरक्षित बाहर निकाला गया है। इस समय 267 घायलों का इलाज चल रहा है, जबकि अज्ञात शवों को पहचान के लिए 21 अलग-अलग अस्पतालों में सुरक्षित रखा गया है।
टनल में फंसे मजदूर, मलबे और पानी के बीच रेस्क्यू जारी
त्रिशूली हाइड्रोपावर प्रोजेक्ट सहित कई सुरंगों में अब भी मजदूर फंसे हुए हैं। सुरंगों के भीतर जमा 4 से 5 फीट गीला मलबा और पानी बचाव दलों के लिए सबसे बड़ी चुनौती बना हुआ है। भारी दलदल के बावजूद रेस्क्यू टीमें लगातार अंदर उतरकर फंसे लोगों को सुरक्षित निकालने में जुटी हैं। राहत कार्य को रफ्तार देने के लिए प्रभावित क्षेत्रों में पर्याप्त मात्रा में ईंधन और 6 विशेष सर्जिकल मेडिकल टीमें भी भेजी गई हैं।













