तुर्किये जाते वक्त समुद्र में पलटी फेरी, 7 की मौत, 237 यात्री सुरक्षित बचाए गए, 24 अब भी लापता

नई दिल्ली- मेडिटेरेनियन सागर में रविवार को एक बड़ा हादसा हो गया, जब उत्तरी साइप्रस से तुर्किये जा रही एक फेरी बोट समुद्र में पलट गई। हादसे के वक्त फेरी में 270 से ज्यादा यात्री सवार थे। तुर्किये की मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, अब तक इस हादसे में 7 लोगों की जान जा चुकी है, जबकि 24 यात्री अभी भी लापता बताए जा रहे हैं।
उत्तरी साइप्रस के प्रधानमंत्री उनाल उस्तेल ने बताया कि राहत-बचाव अभियान के दौरान अब तक 237 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया है। कई यात्रियों ने पलटी हुई फेरी के ऊपर चढ़कर किसी तरह अपनी जान बचाई।
15 मिनट में ही भरने लगा था पानी
जानकारी के अनुसार, यह फेरी खराब मौसम के बीच उत्तरी साइप्रस के काइरेनिया पोर्ट से रवाना हुई थी। रवाना होने के करीब 15 मिनट बाद ही फेरी में पानी भरना शुरू हो गया और देखते ही देखते वह समुद्र में पलट गई। हादसे की खबर मिलते ही रेस्क्यू टीमें तुरंत मौके पर पहुंच गईं और समुद्र में फंसे यात्रियों की तलाश शुरू कर दी। लापता यात्रियों की खोज के लिए अभियान अब भी लगातार जारी है।
तट से 7.5 किलोमीटर दूर हुआ हादसा
तुर्किये की मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह हादसा उत्तरी साइप्रस के तट से करीब 7.5 किलोमीटर दूर हुआ। यह फेरी कैटामरैन शैली की थी, जो उत्तरी साइप्रस के काइरेनिया पोर्ट से तुर्किये के मर्सिन प्रांत स्थित तासुकु पोर्ट के लिए रवाना हुई थी। कैटामरैन उस तरह की नाव होती है जिसमें नीचे दो समानांतर हुल लगे होते हैं, जिससे सामान्य हालात में नाव को ज्यादा स्थिरता मिलती है। लेकिन बेहद खराब मौसम, तेज हवाओं और ऊंची समुद्री लहरों के चलते ऐसी फेरी भी पलट सकती है, वहीं ज्यादा यात्री या सामान होने से यह जोखिम और बढ़ जाता है। फेरी पलटने के बाद यात्रियों को सुरक्षित निकालना बेहद मुश्किल हो जाता है। फिलहाल बचाव दल लापता लोगों की तलाश में जुटे हैं और हादसे के कारणों की जांच भी की जा रही है।













