हापुड़ में गंगा एक्सप्रेसवे पर बड़ा हादसा, तेज रफ्तार थार पलटने से 4 युवकों की मौत, एक घायल

नई दिल्ली- उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले के सिंभावली थाना क्षेत्र में देर रात गंगा एक्सप्रेसवे पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बदायूं से दिल्ली जा रही तेज रफ्तार थार अचानक अनियंत्रित होकर एक्सप्रेसवे पर पलट गई। इस हादसे में वाहन सवार चार युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 17 वर्षीय एक युवक घायल हो गया।
पुलिस ने पहुंचकर संभाला मोर्चा, चारों को घोषित किया मृत
हादसे की सूचना मिलते ही सिंभावली थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और घायलों को इलाज के लिए सीएचसी सिखेड़ा भेजा, जहां डॉक्टरों ने चार युवकों को मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान जोगिंदर, सुखबीर, जसवंत और रवि के रूप में हुई है। हादसे में 17 वर्षीय विष्णु भी घायल हुआ, हालांकि उसे हल्की चोटें आई हैं। पुलिस ने उसे भी इलाज के लिए अस्पताल भेजा, जहां फिलहाल उसका उपचार चल रहा है। हादसे के बाद कुछ देर तक घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, थार बदायूं से दिल्ली की ओर जा रही थी, इसी दौरान तेज रफ्तार के चलते चालक का वाहन से नियंत्रण छूट गया और थार एक्सप्रेसवे पर पलट गई। हादसा इतना भीषण था कि चार युवकों की जान चली गई। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त थार को एक्सप्रेसवे से हटवाकर यातायात को सामान्य कराया और घटनास्थल से जुड़ी जानकारी जुटाकर मामले की जांच शुरू कर दी है। चार युवकों की मौत की खबर से उनके परिवारों में मातम का माहौल है, वहीं घायल विष्णु का अस्पताल में इलाज जारी है। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।













