बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

नगर निगम आयुक्त ने की विभागीय कार्यों की समीक्षा, सीएम हेल्पलाइन की लंबित शिकायतों का तत्परता से निराकरण करने के निर्देश

सिंगरौली। नगर पालिक निगम सिंगरौली की आयुक्त सविता प्रधान ने विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित कर नगर निगम क्षेत्र में संचालित निर्माण एवं विकास कार्यों तथा विभिन्न विभागीय कार्यों की समीक्षा की। आयुक्त प्रधान ने सीएम हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतों के निराकरण की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि संबंधित विभागीय अधिकारी अपने विभाग से संबंधित सीएम हेल्पलाइन की लंबित शिकायतों का तत्परता के साथ निराकरण सुनिश्चित करें। उन्होंने निर्देशित किया कि पेयजल, स्वच्छता एवं स्ट्रीट लाइट से संबंधित शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण किया जाए, ताकि आम नागरिकों को मूलभूत सुविधाओं से संबंधित समस्याओं का शीघ्र समाधान मिल सके।

आवारा कुत्तों के स्टरलाइजेशन और स्वच्छता पर विशेष निगरानी के निर्देश

आयुक्त ने स्वास्थ्य अधिकारी को निर्देश दिए कि नगरीय क्षेत्र में आवारा कुत्तों के नियंत्रण हेतु अभियान चलाकर उनका स्टरलाइजेशन कराया जाना सुनिश्चित करें। साथ ही बारिश के दौरान स्वच्छता व्यवस्था पर विशेष निगरानी रखने तथा वार्डों एवं मोहल्लों में कीटनाशक दवाओं का छिड़काव कराने के निर्देश दिए। उन्होंने राजमाता चूनकुमारी स्टेडियम में ट्रैक निर्माण, घास एवं लेवलिंग का कार्य व्यवस्थित एवं गुणवत्तापूर्ण तरीके से कराने के निर्देश दिए। इसके अलावा आवारा पशुओं को पकड़ने के लिए काउ कैचर की संख्या बढ़ाने तथा स्ट्रीट लाइटों के रख-रखाव के लिए क्रेन की संख्या बढ़ाने के निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिए।

अतिक्रमण के विरुद्ध चलेगा अभियान

आयुक्त ने पुलिस विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर दल गठित करने तथा सड़कों के आसपास एवं डिवाइडरों पर दुकान लगाकर सब्जी बेचने वाले दुकानदारों तथा सड़क किनारे ठेला लगाकर व्यवसाय करने वालों के विरुद्ध अभियान चलाकर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़कों पर अव्यवस्थित रूप से व्यवसाय किए जाने से यातायात व्यवस्था प्रभावित होती है, इसलिए आमजन की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आवश्यक कार्रवाई की जाए।

क्षतिग्रस्त सड़कों पर तत्काल पैचवर्क के निर्देश

आयुक्त ने बारिश के दौरान क्षतिग्रस्त हुई सड़कों पर तत्काल पैचवर्क कराने के निर्देश दिए, ताकि आमजन को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो। उन्होंने इस कार्य में चिकित्सालयों, विद्यालयों सहित अन्य महत्वपूर्ण स्थानों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। आयुक्त ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि नागरिक सुविधाओं से जुड़े कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा आवश्यक कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूर्ण किया जाए।
बैठक के दौरान कार्यपालन यंत्री संतोष पाण्डेय, उपायुक्त आर.पी. बैस, स्वास्थ्य अधिकारी बी.जी. चतुर्वेदी, सहायक यंत्री प्रवीण गोस्वामी, दिनेश तिवारी सहित संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Author

Related Articles

Back to top button