बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

पार्षद प्रेम सागर मिश्रा ने एनटीपीसी परियोजना प्रमुख को सौंपा पत्र, वार्ड-36 में टूटी कैनाल रोड के निर्माण की मांग

सिंगरौली। नगर पालिक निगम सिंगरौली के वार्ड क्रमांक-36 (लाल बहादुर शास्त्री) के पार्षद प्रेम सागर मिश्रा ने सोमवार को एनटीपीसी सिंगरौली परियोजना इकाई-शक्तिनगर के परियोजना प्रमुख से मुलाकात की और तेलगवा से जयनगर होते हुए सूर्यानाला तक कैनाल रोड के निर्माण को लेकर विस्तृत चर्चा की। इस दौरान पार्षद ने परियोजना प्रमुख को एक रिमाइंडर पत्र सौंपकर सड़क की जर्जर स्थिति और उससे हो रही परेशानियों से अवगत कराया, ताकि प्राथमिकता के आधार पर जल्द से जल्द सड़क निर्माण कार्य कराया जा सके और आवागमन सुगम हो सके।

पार्षद प्रेम सागर मिश्रा ने पत्र के माध्यम से बताया कि एनटीपीसी परियोजना सिंगरौली इकाई-शक्तिनगर के गरम जल निकास के लिए गहरी नहर/कैनाल तेलगवा से हाइड्रो प्लांट रिहंद जलाशय तक बनी हुई है। इस कैनाल के किनारे सतह पर पूरे क्षेत्र में घनी आबादी वाली बस्तियां और गांव बसे हुए हैं, जो परियोजना से विस्थापित गांव हैं। कैनाल किनारे बनी यह सड़क कई गांवों को आपस में जोड़ने वाली मुख्य सड़क है, जिससे रोजाना हजारों आमजन, स्थानीय विस्थापित लोगों के साथ-साथ परियोजना के अधिकारी-कर्मचारी भी शाहपुर और हाइड्रो प्लांट आने-जाने के लिए गुजरते हैं।

पत्र में पार्षद ने स्पष्ट किया कि उक्त सड़क टूट चुकी है और उसमें काफी गड्ढे हो गए हैं, जिससे आमजन को आवागमन में गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। इसी समस्या को लेकर पार्षद प्रेम सागर मिश्रा ने प्राथमिकता के आधार पर तेलगवा से जयनगर सूर्यानाला तक बिटुमिन-डामरीकरण सड़क निर्माण कार्य शीघ्र शुरू कराए जाने का अनुरोध परियोजना प्रमुख से किया।

पार्षद ने परियोजना प्रमुख से आमने-सामने मुलाकात कर पूरी समस्या को विस्तार से समझाया और अनुरोध किया कि क्षेत्रवासियों की सुविधा को देखते हुए यह सड़क निर्माण कार्य अभिलंब शुरू कराया जाए। पत्र दिनांक 31 अगस्त 2026 को एनटीपीसी सिंगरौली, शक्तिनगर, जिला-सोनभद्र (उत्तर प्रदेश) कार्यालय में प्राप्त कराया गया, जिसे कार्यालय द्वारा प्राप्ति की पुष्टि भी की गई है। स्थानीय निवासियों ने पार्षद की इस पहल की सराहना करते हुए उम्मीद जताई है कि जल्द ही सड़क निर्माण कार्य शुरू होगा और उनकी वर्षों पुरानी परेशानी दूर होगी।

Author

Related Articles

Back to top button