विकास पर सियासत गरमाई, महापौर और नगर निगम अध्यक्ष आमने-सामने
नौगढ़-मेडिकल कॉलेज सड़क को लेकर आरोप-प्रत्यारोप तेज, कांग्रेस ने सड़क पर धान रोपकर जताया था विरोध

सिंगरौली। नगर निगम क्षेत्र में विकास कार्यों को लेकर महापौर रानी अग्रवाल और नगर निगम अध्यक्ष देवेश पांडे के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है। शहर की बदहाल सड़कों को लेकर दोनों पक्षों के अलग-अलग दावों ने नगर निगम की राजनीति को गरमा दिया है। ताजा विवाद वार्ड क्रमांक-45 के नौगढ़ से मेडिकल कॉलेज मार्ग तथा माजन मोड़ से इंदिरा चौक विंध्यनगर तक की सड़क को लेकर सामने आया है।
नगर निगम का वर्तमान कार्यकाल अब एक वर्ष से भी कम समय का रह गया है। ऐसे में पिछले चार वर्षों के दौरान विकास कार्यों को लेकर लगातार सामने आते रहे मतभेदों ने एक बार फिर शहर में राजनीतिक बहस छेड़ दी है। विपक्ष का आरोप है कि विकास कार्यों की गति अपेक्षा के अनुरूप नहीं रही, जबकि नगर निगम के जिम्मेदार पदाधिकारी इसके लिए एक-दूसरे को जिम्मेदार ठहरा रहे हैं।
महापौर बोलीं- भाजपा सरकार ने काम में डाला अड़ंगा
महापौर रानी अग्रवाल ने आरोप लगाया कि देश, प्रदेश और सिंगरौली में भाजपा की सरकार होने के बावजूद भाजपा नेताओं की ओर से नगर निगम के विकास कार्यों में अड़चनें पैदा की गईं। उनका कहना है कि नगर निगम स्तर से शहर के विकास के लिए लगातार प्रयास किए गए, लेकिन विभिन्न स्तरों पर राजनीतिक हस्तक्षेप के कारण कई कार्य प्रभावित हुए।
महापौर का आरोप है कि नगर निगम द्वारा विकास कार्यों को आगे बढ़ाने के प्रयासों के बावजूद उन्हें अपेक्षित सहयोग नहीं मिला।
अध्यक्ष का पलटवार- फाइलों पर सहमति नहीं मिलने से रुके काम
वहीं नगर निगम अध्यक्ष देवेश पांडे ने महापौर के आरोपों पर पलटवार करते हुए कहा कि एक करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्य महापौर के अधिकार क्षेत्र में आते हैं। उनके मुताबिक नगर निगम में विकास कार्यों से संबंधित विभिन्न फाइलें तैयार होने के बावजूद महापौर की ओर से आवश्यक सहमति नहीं दिए जाने के कारण कई काम आगे नहीं बढ़ सके।
देवेश पांडे ने नौगढ़ से मेडिकल कॉलेज मार्ग को लेकर कहा कि इस सड़क के निर्माण में भी प्रक्रियागत अड़चनें सामने आई थीं। उनके अनुसार कलेक्टर द्वारा सड़क को लोक निर्माण विभाग को सौंपकर स्वीकृति दिलाई गई है और अब जल्द ही सड़क का निर्माण कराया जाएगा।

कांग्रेस ने सड़क पर रोपा धान
सड़क की बदहाली को लेकर दो दिन पहले शहर कांग्रेस अध्यक्ष प्रवीण सिंह चौहान के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नौगढ़ से मेडिकल कॉलेज मार्ग पर विरोध प्रदर्शन किया था। कांग्रेसियों ने सड़क पर जमा कीचड़ और पानी के बीच धान रोपकर सड़क की खराब स्थिति पर सरकार और नगर निगम का ध्यान आकर्षित किया।
इस प्रदर्शन को लेकर नगर निगम अध्यक्ष देवेश पांडे ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेसियों को पहले अपने कार्यकाल और अपनी भूमिका पर विचार करना चाहिए। उन्होंने कहा कि इस तरह की राजनीति से विकास का रास्ता नहीं निकलेगा।
कार्यकाल खत्म होने से पहले समाधान की चुनौती
नगर निगम का कार्यकाल अब एक वर्ष से भी कम रह गया है। ऐसे में शहरवासियों के सामने सवाल है कि पिछले चार वर्षों से चले आ रहे आरोप-प्रत्यारोप के बीच जिन विकास कार्यों को लेकर लगातार विवाद होता रहा, वे अब कब पूरे होंगे।
नौगढ़-मेडिकल कॉलेज मार्ग सहित शहर की अन्य प्रमुख सड़कों की स्थिति को लेकर जनता को राजनीतिक बयानबाजी से ज्यादा जमीनी स्तर पर काम और स्थायी समाधान की उम्मीद है। अब देखना होगा कि कार्यकाल समाप्त होने से पहले नगर निगम और प्रशासन इन लंबित समस्याओं को कितनी गंभीरता से लेते हैं।











