देश विदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़

केएमपी एक्सप्रेस-वे पर मौत का कहर, ट्रक में घुसी श्रद्धालुओं से भरी पिकअप

भीषण टक्कर में 6 श्रद्धालुओं की मौत, 14 घायल; धार्मिक यात्रा पर निकले थे करीब 21 लोग

पलवल। हरियाणा के पलवल जिले में कुंडली-मानेसर-पलवल (केएमपी) एक्सप्रेस-वे पर मंगलवार तड़के दर्दनाक सड़क हादसे में 6 श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि 14 लोग घायल हुए हैं। हादसा श्रद्धालुओं से भरी पिकअप के सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से टकराने के कारण हुआ। मृतकों में तीन महिलाएं शामिल हैं।

पुलिस के अनुसार उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले के विभिन्न गांवों के करीब 21 लोग रक्षाबंधन के अवसर पर धार्मिक यात्रा पर निकले थे। सोमवार को उन्होंने राजस्थान के खाटू श्याम और सालासर बालाजी मंदिर में दर्शन किए। इसके बाद वे मथुरा-वृंदावन जाने के लिए रवाना हुए थे। इसी दौरान पलवल क्षेत्र में हादसा हो गया।

पिकअप में बनाया गया था डबल डेकर ढांचा

पुलिस के मुताबिक श्रद्धालुओं को ले जा रही टाटा पिकअप में लोहे के सरिए और जाल लगाकर डबल डेकर जैसा ढांचा बनाया गया था। वाहन की ऊंचाई बढ़ने के कारण उसमें बड़ी संख्या में लोग सवार थे। ट्रक से टक्कर के बाद पिकअप का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और यात्री एक-दूसरे के ऊपर गिर गए।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची। घायलों को पलवल के जिला नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने छह लोगों को मृत घोषित कर दिया। मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए हैं।

दोनों वाहन चालकों की तलाश

हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। पिकअप चालक सुधीर के भी फरार होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।

प्रारंभिक जांच में पुलिस को चालक को नींद की झपकी आने की आशंका है। हालांकि हादसे के वास्तविक कारणों की जांच जारी है।

Author

Related Articles

Back to top button