ब्रेकिंग न्यूज़भोपालमध्य प्रदेश

जस्टिस अल्पेश कोगजे बनेंगे मध्यप्रदेश हाईकोर्ट के नए मुख्य न्यायाधीश

सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने केंद्र को भेजी सिफारिश, मंजूरी के बाद जारी होगी नियुक्ति अधिसूचना

जबलपुर। सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने गुजरात हाईकोर्ट के न्यायाधीश अल्पेश यशवंत कोगजे को मध्यप्रदेश हाईकोर्ट का नया मुख्य न्यायाधीश नियुक्त करने की सिफारिश की है। कॉलेजियम की बैठक 31 अगस्त 2026 को हुई, जिसमें विभिन्न हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीशों की नियुक्ति और स्थानांतरण से जुड़े प्रस्तावों पर विचार किया गया।

कॉलेजियम की सिफारिश अब केंद्र सरकार के पास जाएगी। केंद्र से मंजूरी मिलने और आवश्यक औपचारिकताएं पूरी होने के बाद नियुक्ति की अधिसूचना जारी की जाएगी। इसके बाद जस्टिस कोगजे मध्यप्रदेश हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश का पद संभालेंगे।

तीन न्यायाधीशों के नाम की सिफारिश

कॉलेजियम ने मुख्य न्यायाधीशों की नियुक्ति एवं स्थानांतरण के लिए तीन नामों की सिफारिश की है। इनमें जस्टिस अल्पेश यशवंत कोगजे का गुजरात हाईकोर्ट से मध्यप्रदेश हाईकोर्ट, जस्टिस संजय के. अग्रवाल का छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट से राजस्थान हाईकोर्ट तथा डॉ. पुष्पेंद्र सिंह भाटी का राजस्थान हाईकोर्ट से जम्मू-कश्मीर एवं लद्दाख हाईकोर्ट स्थानांतरण शामिल है।

क्या है कॉलेजियम व्यवस्था?

सुप्रीम कोर्ट और हाईकोर्ट के न्यायाधीशों की नियुक्ति एवं स्थानांतरण के लिए सिफारिश करने वाली व्यवस्था को कॉलेजियम कहा जाता है। इसमें भारत के मुख्य न्यायाधीश और सुप्रीम कोर्ट के चार वरिष्ठतम न्यायाधीश शामिल होते हैं। कॉलेजियम की सिफारिश केंद्र सरकार को भेजी जाती है। सरकार किसी प्रस्ताव पर आपत्ति होने पर उसे पुनर्विचार के लिए वापस भेज सकती है। हालांकि कॉलेजियम द्वारा दोबारा वही सिफारिश भेजे जाने पर नियुक्ति की प्रक्रिया आगे बढ़ानी होती है।

Author

Related Articles

Back to top button