बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

दुधमनिया में पुलिस की जन चौपाल, जन्माष्टमी की सुरक्षा व्यवस्था पर मंथन

शांति समिति की बैठक में भीड़ प्रबंधन, यातायात और पार्किंग को लेकर बनी रणनीति

सिंगरौली। पुलिस और आमजन के बीच सीधा संवाद स्थापित करने के उद्देश्य से चलाए जा रहे जन चौपाल अभियान के तहत बरगवां पुलिस ने दुधमनिया स्थित प्रणामी मंदिर परिसर में जन चौपाल एवं शांति समिति की बैठक आयोजित की। बरगवां एसडीओपी रोशनी कुर्मी और थाना प्रभारी निरीक्षक अनिल पटेल ने ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों तथा आयोजन समिति के सदस्यों से संवाद कर समस्याएं सुनीं।

ग्रामीणों ने क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं और कानून व्यवस्था से जुड़े मुद्दे पुलिस के सामने रखे। अधिकारियों ने शिकायतों पर आवश्यक समझाइश देते हुए नियमानुसार कार्रवाई का भरोसा दिलाया। पुलिस ने अपराध नियंत्रण में ग्रामीणों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की।

बैठक में अवैध मादक पदार्थों की बिक्री और नशे की रोकथाम, महिला एवं बाल सुरक्षा तथा साइबर अपराध से बचाव को लेकर भी जागरूक किया गया। अनजान कॉल, संदिग्ध लिंक और ऑनलाइन ठगी से सावधान रहने तथा ओटीपी, पिन और बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी साझा नहीं करने की सलाह दी गई।

जन्माष्टमी पर उमड़ती है श्रद्धालुओं की भीड़
दुधमनिया के प्रणामी मंदिर में जन्माष्टमी पर आसपास के क्षेत्रों के साथ उत्तर प्रदेश के सोनभद्र और मिर्जापुर से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। इसे देखते हुए बैठक में यातायात नियंत्रण, पार्किंग, भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था पर विस्तार से चर्चा हुई। पुलिस ने आयोजन समिति से समन्वय बनाकर शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित आयोजन कराने की अपील की।

Author

Related Articles

Back to top button