बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

कलेक्टर कार्यालय पहुंचे दर्जनों श्रमिक, कंपनी पर शोषण के आरोप

बीआईपीएल-बीपीएल ज्वाइंट वेंचर के खिलाफ श्रमिक संगठन ने कार्रवाई की मांग, वैधानिक लाभ नहीं देने की शिकायत

सिंगरौली। एनसीएल अमलोरी परियोजना में कार्यरत बीआईपीएल-बीपीएल ज्वाइंट वेंचर कंपनी पर श्रमिकों के शोषण, श्रम कानूनों के उल्लंघन और बिना सूचना काम से हटाने के आरोपों को लेकर मामला गरमाता जा रहा है। मंगलवार 1 सितंबर को कई दर्जन श्रमिक कलेक्टर कार्यालय पहुंचे और अपनी शिकायत दर्ज कराते हुए कलेक्टर से न्याय की गुहार लगाई।

श्रमिकों ने आरोप लगाया कि कंपनी द्वारा लंबे समय से उन्हें बोनस, ग्रेच्युटी, अर्जित अवकाश सहित कई वैधानिक सुविधाओं का लाभ नहीं दिया गया। पर्याप्त सुरक्षा उपकरण उपलब्ध नहीं कराने की शिकायत भी श्रमिकों ने की। श्रमिकों का कहना है कि राष्ट्रीय अवकाश के दिनों में डबल हाजिरी अथवा डबल वेतन का भुगतान भी नहीं किया गया।

सिंगरौली श्रमिक संगठन (SSS) ने भी कंपनी के महाप्रबंधक को पत्र सौंपकर श्रमिकों की समस्याओं के निराकरण की मांग की है। संगठन ने आरोप लगाया कि करीब 100 श्रमिकों को बिना वैधानिक प्रक्रिया के काम से हटाया गया है। कुछ श्रमिकों को बिना नोटिस अंतिम कार्य दिवस पर बाहर किए जाने की शिकायत भी की गई है।

संगठन ने हेल्पर, सुपरवाइजर, डंपर ऑपरेटर, फोर्क चालक, पीसी ऑपरेटर और बोल्डो चालक सहित विभिन्न पदों पर न्यूनतम मजदूरी के अनुरूप भुगतान नहीं होने का आरोप लगाया है। कार्य समाप्ति के बाद नोटिस, सेवा समाप्ति आदेश, बकाया भुगतान और अन्य वैधानिक लाभ नहीं मिलने की बात भी कही गई है।

श्रमिकों ने कलेक्टर से पूरे मामले की जांच कराकर उन्हें उनका हक और वैधानिक लाभ दिलाने की मांग की है। वहीं संगठन ने कंपनी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने तथा श्रमिकों के हितों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग उठाई है। अब देखना होगा कि प्रशासन इन शिकायतों पर क्या कार्रवाई करता है।

Author

Related Articles

Back to top button