पूर्व विधायक संजय शर्मा के ठिकानों पर ED की रेड: NHAI टोल वसूली में फर्जीवाड़े की जांच, 14 राज्यों में एक साथ छापेमारी
नरसिंहपुर-छिंदवाड़ा हाईवे की टोल वसूली भी जांच के दायरे में; फर्जी रसीदों से रकम डायवर्ट करने का आरोप

भोपाल। प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने NHAI के टोल प्लाजा पर कथित फर्जी टोल वसूली और रकम की हेराफेरी से जुड़े मामले में बुधवार को मध्यप्रदेश समेत देश के 14 राज्यों में एक साथ छापेमारी शुरू की। मध्यप्रदेश में नरसिंहपुर-छिंदवाड़ा नेशनल हाईवे की टोल वसूली से जुड़े ठिकाने भी ईडी की कार्रवाई के दायरे में हैं। यह टोल संचालन पूर्व कांग्रेस विधायक संजय शर्मा से जुड़ी कंपनी से संबंधित बताया जा रहा है।
जानकारी के मुताबिक ईडी की टीमों ने पूर्व विधायक संजय शर्मा से जुड़े तीन ठिकानों पर तलाशी ली। इनमें हाईवे से जुड़े स्थानों के अलावा तेंदूखेड़ा और देवरी स्थित कार्यालय शामिल हैं। जांच टीम कार्यालयों में दस्तावेज, डिजिटल रिकॉर्ड और अन्य वित्तीय साक्ष्यों की पड़ताल कर रही है।
फर्जी रसीदें बनाकर रकम बाहर निकालने का आरोप
ईडी की जांच के अनुसार टोल वसूली में कथित तौर पर अनधिकृत सॉफ्टवेयर एप्लिकेशन का इस्तेमाल किया गया। आरोप है कि इस सॉफ्टवेयर के जरिए फर्जी टोल रसीदें तैयार की गईं और टोल से प्राप्त राशि को NHAI के आधिकारिक अकाउंटिंग सिस्टम से बाहर डायवर्ट किया गया।
जांच एजेंसी के मुताबिक फॉरेंसिक परीक्षण और NHAI के रिकॉर्ड की जांच में अनधिकृत सॉफ्टवेयर के इस्तेमाल से संबंधित तथ्य सामने आए हैं। तलाशी के दौरान ईडी डिजिटल उपकरणों, दस्तावेजों और वित्तीय लेनदेन से जुड़े रिकॉर्ड की जांच कर रही है। एजेंसी कथित तौर पर इस नेटवर्क से जुड़े लाभार्थियों और अपराध से अर्जित रकम का भी पता लगा रही है।
PMLA के तहत चल रही कार्रवाई
ईडी की लखनऊ जोनल ऑफिस से जुड़ी टीमों ने PMLA की धारा 17 के तहत उत्तर प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, जम्मू-कश्मीर, मध्यप्रदेश, NCR और कोलकाता समेत विभिन्न स्थानों पर तलाशी शुरू की है।
मामले की जांच 22 जनवरी 2025 की ECIR संख्या ECIR/ASZO/04/2025 के आधार पर की जा रही है। ईडी अब टोल वसूली से संबंधित दस्तावेजों, डिजिटल रिकॉर्ड और वित्तीय लेनदेन की कड़ियों को खंगाल रही है।
जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि कथित फर्जीवाड़े में किन लोगों की भूमिका रही और कितनी राशि की हेराफेरी हुई। फिलहाल एजेंसी की कार्रवाई और जांच जारी है।













