रात में परिवार के साथ सोया 14 वर्षीय किशोर सुबह गायब, अपहरण की आशंका से हड़कंप
घर और रिश्तेदारों के यहां तलाश के बाद भी नहीं मिला सुराग

सिंगरौली। खुटार चौकी क्षेत्र के ग्राम करकोसा से 14 वर्षीय किशोर के रहस्यमय ढंग से लापता होने का मामला सामने आया है। किशोर 30 अगस्त की रात अपने बड़े भाई के साथ कमरे में सोया था, लेकिन 31 अगस्त की सुबह पिता के उठने पर वह कमरे में नहीं मिला। काफी तलाश के बाद भी सुराग नहीं मिलने पर परिजनों ने पुलिस से शिकायत की और किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा बहला-फुसलाकर ले जाने की आशंका जताई।
जानकारी के अनुसार किशोर रात करीब 11 बजे भोजन करने के बाद अपने बड़े भाई के साथ एक ही कमरे में सोया था। रात करीब 3 बजे पिता की नींद खुली तो उन्होंने किशोर को कमरे से गायब पाया। इसके बाद परिजनों ने घर और आसपास के इलाकों में तलाश शुरू की। रिश्तेदारों के यहां भी जानकारी ली गई, लेकिन किशोर का कहीं पता नहीं चला।
पुलिस को बताया किशोर का हुलिया
किशोर के लापता होने के बाद परिजन खुटार चौकी पहुंचे और पुलिस को शिकायत दी। साथ ही किशोर के हुलिए और अन्य जरूरी जानकारी पुलिस को उपलब्ध कराई गई, ताकि तलाश में मदद मिल सके। परिजनों ने आशंका जताई है कि कोई अज्ञात व्यक्ति किशोर को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है।
खुटार चौकी पुलिस ने 31 अगस्त 2026 को गुम इंसान क्रमांक 35/2026 दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 137(2) के तहत कार्रवाई की जा रही है। विवेचना की जिम्मेदारी सहायक उपनिरीक्षक मनीष कुमार सेन को सौंपी गई है। पुलिस किशोर की तलाश के साथ उसके लापता होने के सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है।













