सिंगरौली की सड़कों पर जानलेवा गड्ढे, बारिश ने बढ़ाई मुसीबत; हादसों का खतरा बढ़ा
मुख्य मार्गों पर जगह-जगह भरा पानी, गड्ढों की गहराई का नहीं चलता पता; नगर निगम से तत्काल मरम्मत की मांग

सिंगरौली। शहर के मुख्य मार्गों पर जगह-जगह बने बड़े-बड़े गड्ढे अब राहगीरों और वाहन चालकों के लिए जानलेवा साबित हो रहे हैं। लगातार बारिश के कारण सड़क की स्थिति और बदतर हो गई है। बारिश के पानी से गड्ढों में पानी भर जाने के कारण उनकी गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता और दोपहिया वाहन चालक अचानक गड्ढों में गिरकर घायल हो रहे हैं।
शहर के कई प्रमुख मार्गों पर लंबे समय से सड़क मरम्मत नहीं होने से स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है। बारिश के दौरान पहले से मौजूद गड्ढे और गहरे हो गए हैं। इससे दोपहिया वाहन चालकों के साथ ही पैदल राहगीरों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कभी भी बड़ा हादसा होने की आशंका बनी हुई है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि सड़क की खराब स्थिति को लेकर कई बार शिकायत की जा चुकी है, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ। नागरिकों ने नगर निगम प्रशासन से मुख्य मार्गों का तत्काल निरीक्षण कराने और खतरनाक गड्ढों को प्राथमिकता के आधार पर भरवाने की मांग की है।लोगों का कहना है कि किसी बड़े हादसे का इंतजार करने के बजाय समय रहते सड़कों की मरम्मत कराना जरूरी है। नगर निगम को बारिश के कारण और गहरे हुए गड्ढों को चिह्नित कर तत्काल सुधार कार्य शुरू करना चाहिए, ताकि दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।













