सरहद पर तैनात जवानों के लिए सिंगरौली की महिलाओं ने बनाई अनाज की राखियां
भाजपा महिला मोर्चा का ‘राखी संग पाती’ कार्यक्रम, मोटे अनाज से तैयार की करीब 2 हजार राखियां

सिंगरौली। देश की सीमाओं पर तैनात भारतीय सेना के जवानों के सम्मान में भाजपा महिला मोर्चा सिंगरौली ने अनूठी पहल की है। महिला मोर्चा की मातृशक्ति ने अपने हाथों से मोटे अनाज से करीब 2 हजार राखियां तैयार की हैं। इन राखियों को रक्षाबंधन के अवसर पर सीमा पर तैनात जवानों को भेजा जाएगा।
भाजपा महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष रिचा सिंह के नेतृत्व में भाजपा कार्यालय सिंगरौली में ‘राखी संग पाती’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष सुंदरलाल शाह, प्रदेश मंत्री सीमा जायसवाल, महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष रिचा सिंह सहित पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में मातृशक्ति मौजूद रही।
महिलाओं ने मोटे अनाज से राखियां तैयार कर उन्हें जवानों तक भेजने की तैयारी की। महिला मोर्चा ने कहा कि ये राखियां केवल रक्षा सूत्र नहीं, बल्कि देश की सीमाओं की रक्षा कर रहे जवानों के प्रति प्रेम, सम्मान और कृतज्ञता का प्रतीक हैं।कार्यक्रम के दौरान मातृशक्ति ने कहा कि भारतीय सेना के जवान कठिन परिस्थितियों में दिन-रात देश की सीमाओं की रक्षा करते हैं। उनके साहस और समर्पण के कारण देशवासी सुरक्षित जीवन जी रहे हैं। महिलाओं ने जवानों के साथ-साथ देश की रक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले शहीदों को भी श्रद्धापूर्वक नमन किया।













