नगर निगम का अतिक्रमण विरोधी अभियान लगातार दूसरे दिन भी जारी
बस स्टैंड, सब्जी मंडी, काली मंदिर एवं वंदना हॉस्पिटल क्षेत्र से हटाया गया अतिक्रमण

सिंगरौली। नगर निगम आयुक्त सविता प्रधान के निर्देशानुसार शहर को सुव्यवस्थित एवं यातायात को सुगम बनाने के उद्देश्य से चलाया जा रहा अतिक्रमण विरोधी अभियान लगातार दूसरे दिन भी जारी रहा। नगर निगम उपायुक्त आर.पी. बैस के नेतृत्व में निगम अमले ने बस स्टैंड, सब्जी मंडी, काली मंदिर एवं वंदना हॉस्पिटल के आसपास सड़क किनारे और नालियों के ऊपर किए गए अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाई की।
अभियान के दौरान सड़क तक फैलाए गए अस्थायी निर्माण, ठेले, गुमटियां एवं अन्य अतिक्रमण हटाकर सार्वजनिक मार्गों को अतिक्रमणमुक्त कराया गया। कुछ स्थानों पर अतिक्रमणकारियों को स्वयं अतिक्रमण हटाने के लिए एक दिन का समय देते हुए समझाइश दी गई। निर्धारित समय में अतिक्रमण नहीं हटाने पर नियमानुसार कार्रवाई की चेतावनी दी गई।
नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि सार्वजनिक मार्गों और नालियों पर अतिक्रमण के कारण आवागमन में परेशानी के साथ यातायात भी बाधित हो रहा था। अभियान के माध्यम से सड़कों और नालियों को अतिक्रमणमुक्त कर सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है।निगम प्रशासन ने व्यवसायियों एवं नागरिकों से निर्धारित सीमाओं के भीतर ही व्यवसाय करने तथा सार्वजनिक मार्गों और नालियों पर अतिक्रमण नहीं करने की अपील की है। पुनः अतिक्रमण किए जाने पर सख्त कानूनी एवं दंडात्मक कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।कार्रवाई के दौरान स्वास्थ्य अधिकारी बी.जी. चतुर्वेदी, सहायक यंत्री प्रवीण गोस्वामी, डी.के. सिंह, अनुज सिंह सहित नगर निगम के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।













