बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

भगवान बलराम जयंती पर जिला पंचायत सभागार में किसान संगोष्ठी आयोजित

प्रदेश सरकार किसानों की आय बढ़ाने के लिए दृढ़ संकल्पितः- राज्यमंत्री श्रीमती राधा सिंह

सिंगरौली, 2 सितम्बर 2026। भगवान बलराम जयंती के अवसर पर आत्मा योजना अंतर्गत किसान संगोष्ठी का आयोजन जिला पंचायत सभागार में किया गया। संगोष्ठी में मध्यप्रदेश शासन की पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की राज्यमंत्री श्रीमती राधा सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। कार्यक्रम में सिंगरौली विधानसभा क्षेत्र के विधायक श्री राम निवास शाह, नगर निगम अध्यक्ष श्री देवेश पाण्डेय एवं भाजपा जिलाध्यक्ष श्री सुन्दर लाल शाह की गरिमामय उपस्थिति रही।

 

किसान संगोष्ठी में उपस्थित किसानों को भगवान बलराम जयंती एवं श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की शुभकामनाएं देते हुए राज्यमंत्री श्रीमती राधा सिंह ने कहा कि केन्द्र एवं प्रदेश सरकार किसानों की आय बढ़ाने के लिए दृढ़ संकल्पित है। किसानों की आर्थिक स्थिति को मजबूत करने तथा उनकी आय में वृद्धि के उद्देश्य से अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं। उन्होंने किसानों से शासन की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने तथा आधुनिक एवं जैविक कृषि पद्धतियों को अपनाने का आह्वान किया।
राज्यमंत्री ने किसानों को जैविक विधि से खेती करने के लिए प्रोत्साहित करते हुए कहा कि हमें गौ माता को सड़कों पर खुला नहीं छोड़ना चाहिए। गाय से हमें दूध के साथ-साथ कृषि कार्य के लिए बैल तथा जैविक खेती के लिए गोबर की खाद भी प्राप्त होती है। उन्होंने कहा कि आज भी अनेक छोटे किसान हल के माध्यम से पारंपरिक खेती कर रहे हैं।

 

भगवान बलराम हलधर के रूप में किसानों के लिए प्रेरणास्रोत हैं। भगवान बलराम जयंती के अवसर पर हम सभी हलधर भगवान को सादर नमन करते हैं। उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण का स्मरण करते हुए कहा कि श्रीकृष्ण ने गौ सेवा को विशेष महत्व दिया। हमें उनके जीवन से प्रेरणा लेते हुए गौ सेवा के प्रति सजग रहना चाहिए और गौ माता को खुले में सड़कों पर विचरण करने के लिए नहीं छोड़ना चाहिए। राज्यमंत्री ने किसानों से श्री अन्न की खेती को बढ़ावा देने तथा इसके माध्यम से कृषि को अधिक लाभकारी बनाने का भी आह्वान किया। संगोष्ठी में किसानों को कृषि विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं, आधुनिक कृषि तकनीकों एवं जैविक खेती के संबंध में जानकारी प्रदान की गई। कार्यक्रम में उप संचालक कृषि श्री मनोज सिंह, वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. जय सिंह, वरिष्ठ समाजसेवी श्री अरविंद दुबे, श्री बीरेन्द्र पाठक, पार्षद श्रीमती सीमा जायसवाल, श्रीमती रिचा सिंह, श्री संजय दुबे, श्री उज्ज्वल तिवारी, श्री प्रभाशु सर्राफ, श्री अम्ब्रेश द्विवेदी सहित बड़ी संख्या में किसान भाई उपस्थित रहे।

Author

Related Articles

Back to top button