देश विदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़

खेतों में मजदूरी के लिए निकले थे 12 लोग, रास्ते में काल बनकर आया अज्ञात वाहन

केएमपी एक्सप्रेसवे पर ईको को जोरदार टक्कर, 3 की मौत और 9 मजदूर घायल; तीन रोहतक रेफर

सोनीपत। हरियाणा के सोनीपत में कुंडली-मानेसर-पलवल एक्सप्रेसवे पर गुरुवार तड़के हुए भीषण हादसे में तीन मजदूरों की मौत हो गई, जबकि नौ घायल हो गए। हादसा खरखौदा क्षेत्र के आईएमटी के पास सुबह करीब 4 बजे हुआ, जहां अज्ञात वाहन ने मजदूरों से भरी ईको को जोरदार टक्कर मार दी।

जानकारी के अनुसार उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले के बड़ेपुरा गांव के 12 मजदूर एक ठेकेदार के साथ झज्जर जिले में बाजरे की कटाई के लिए जा रहे थे। ईको जैसे ही केएमपी एक्सप्रेसवे पर आईएमटी के पास पहुंची, तभी अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ईको बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

हादसे में ईको चालक और आगे बैठे दो मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई। पीछे बैठे नौ मजदूर घायल हो गए। घायलों को पुलिस और स्थानीय लोगों ने वाहन से बाहर निकालकर खरखौदा के सरकारी अस्पताल पहुंचाया। गंभीर हालत में तीन मजदूरों को प्राथमिक उपचार के बाद रोहतक रेफर किया गया।

घायलों की पहचान नेवाराम, प्रमोद, संजीव, महेंद्र पाल, फातिलाल, हरिशंकर, खुशाली, छोटू और विवेक के रूप में हुई है। हादसे के बाद टक्कर मारने वाला वाहन चालक मौके से फरार हो गया।

पुलिस ने मृतकों के शव पोस्टमॉर्टम के लिए सोनीपत के सिविल अस्पताल भेज दिए हैं। खरखौदा थाना पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। पुलिस फरार वाहन चालक की पहचान कर उसकी तलाश में जुटी है।

Author

Related Articles

Back to top button