लबालब बरगी बांध के खुले 5 गेट, नर्मदा में बढ़ा बाढ़ का खतरा
एक-एक मीटर खोले गए जलद्वार, 760 क्यूमेक पानी छोड़ा जा रहा; घाटों और निचले इलाकों में अलर्ट

जबलपुर। मंडला, डिंडौरी और अमरकंटक क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश से बरगी बांध एक बार फिर लबालब हो गया है। बांध का जलस्तर 421.85 मीटर और जलभराव 93.33 प्रतिशत पहुंचने के बाद गुरुवार सुबह 11 बजे बांध के पांच गेट करीब एक-एक मीटर तक खोल दिए गए। इनसे करीब 760 क्यूमेक पानी नर्मदा नदी में छोड़ा जा रहा है। पानी छोड़े जाने से नर्मदा के निचले इलाकों में बाढ़ की स्थिति बन गई है।
बांध प्रबंधन और जिला प्रशासन ने गेट खोलने से पहले नर्मदा घाटों और आसपास के निचले क्षेत्रों में अलर्ट जारी किया है। प्रबंधन के अनुसार जलद्वार खुलने के बाद नर्मदा के घाटों पर जलस्तर करीब 3 से 4 फीट तक बढ़ सकता है। लोगों से नदी और घाटों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की गई है।
बांध में 707 क्यूमेक पानी की आवक
बरगी बांध प्रबंधन के अनुसार 2 सितंबर की सुबह 8 बजे बांध में 707 क्यूमेक पानी की आवक दर्ज की गई थी। लगातार पानी आने और मौसम के पूर्वानुमान को देखते हुए पांच गेट खोले गए हैं। वर्तमान में करीब 760 क्यूमेक पानी की निकासी की जा रही है।
प्रबंधन ने बताया कि वास्तविक जल आवक और बांध के जलस्तर के अनुसार पानी की निकासी की मात्रा में बदलाव किया जा सकता है। लगातार आवक बनी रहने पर आने वाले दिनों में और बदलाव संभव है। प्रशासन ने नर्मदा के घाटों तथा निचले इलाकों में रहने वाले लोगों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।













