चौराडाड में बांध की पुलिया टूटी, चार गांवों का आवागमन ठप
ओवरलोड वाहनों और बारिश से पुलिया कमजोर होने का ग्रामीणों का दावा; विद्यार्थियों और मरीजों की बढ़ी परेशानी

सिंगरौली। जनपद पंचायत देवसर अंतर्गत ग्राम पंचायत जियावन के आदिवासी बाहुल्य क्षेत्र चौराडाड की बैगा बस्ती में रामधनी ढाबा के सामने बांध पर बनी पुलिया क्षतिग्रस्त होकर टूट गई। पुलिया टूटने से चौराडाड, गैमटिया, भदवारी और अकौरी गांवों के करीब 200 लोगों का आवागमन प्रभावित हो गया है।
ग्रामीणों के अनुसार, पुलिया से लगातार ओवरलोड वाहनों की आवाजाही और लगातार हो रही बारिश के कारण इसकी स्थिति लगातार खराब होती गई। इसके बाद पुलिया का एक हिस्सा टूट गया, जिससे गांवों के बीच आवागमन बाधित हो गया है।
स्कूल-हॉस्टल और स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच प्रभावित
पुलिया टूटने के कारण ग्रामीणों के साथ विद्यार्थियों और मरीजों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि आवागमन का रास्ता बाधित होने से स्कूल, छात्रावास और स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच प्रभावित हो रही है। बारिश के दौरान समस्या और गंभीर होने की आशंका है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से पुलिया का तत्काल निरीक्षण कराने, तकनीकी जांच कराए जाने तथा शीघ्र मरम्मत कार्य शुरू कराने की मांग की है। उनका कहना है कि समय रहते पुलिया की मरम्मत नहीं हुई तो चारों गांवों के लोगों की मुश्किलें और बढ़ सकती हैं।अब ग्रामीणों की नजर प्रशासन की कार्रवाई पर है कि क्षतिग्रस्त पुलिया का निरीक्षण कब होता है और आवागमन बहाल करने के लिए मरम्मत कार्य कब शुरू किया जाता है।













