मोरवा क्षेत्रीय कार्यालय के नाम पर राशि वसूली की सूचना, नागरिकों से सतर्क रहने की अपील

सिंगरौली/ नगर पालिक निगम सिंगरौली के संज्ञान में आया है कि क्षेत्रीय कार्यालय मोरवा के अंतर्गत कुछ बाहरी व्यक्तियों द्वारा नगर निगम के नाम पर नागरिकों से विभिन्न कार्यों के लिए राशि वसूलने तथा फर्जी रसीद प्रदान किए जाने की शिकायतें प्राप्त हुई हैं।
नगर निगम द्वारा नागरिकों से अपील की गई है कि नगर निगम से संबंधित कर, शुल्क अथवा अन्य किसी भी प्रकार की देय राशि का भुगतान केवल नगर निगम के अधिकृत कर्मचारी अथवा अधिकृत माध्यम से ही करें तथा भुगतान के उपरांत विधिवत रसीद अवश्य प्राप्त करें। किसी भी बाहरी व्यक्ति, दलाल अथवा अनधिकृत व्यक्ति को नगर निगम के नाम पर राशि प्रदान न करें।
यदि कोई व्यक्ति नगर निगम के नाम पर राशि की मांग करता है अथवा फर्जी रसीद प्रदान करता है, तो इसकी सूचना तत्काल संबंधित नगर निगम कार्यालय अथवा अधिकारियों को दें, ताकि संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि नागरिक नगर निगम के अधिकृत कर्मचारी के अतिरिक्त किसी भी बाहरी या अनधिकृत व्यक्ति को कर अथवा अन्य राशि का भुगतान न करें। नागरिकों की सुविधा एवं नगर निगम के राजस्व की सुरक्षा के लिए सभी से सतर्कता बरतने की अपील की गई है।













