जिला स्तरीय वुशू प्रतियोगिता में सन शाइन स्कूल बना चैंपियन
60 खिलाड़ियों ने विभिन्न आयु व भार वर्गों में दिखाया दमखम, श्वेता कुमारी राव का राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयन

सिंगरौली। वुशू संघ जिला सिंगरौली के तत्वावधान में बिलौंजी स्थित अटल बिहारी वाजपेयी सामुदायिक भवन में जिला स्तरीय वुशू प्रतियोगिता 2026 का सफल आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न विद्यालयों और प्रशिक्षण केंद्रों से करीब 60 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया।
विभिन्न आयु एवं भार वर्गों में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। मुकाबले देखने के लिए बड़ी संख्या में अभिभावक और खेल प्रेमी मौजूद रहे। प्रतियोगिता की ओवरऑल चैंपियनशिप ट्रॉफी पर सन शाइन स्कूल ने कब्जा किया। वहीं तलवारबाजी में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली श्वेता कुमारी राव का भोपाल में 16 से 18 सितंबर तक होने वाली राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयन हुआ।
मुख्य अतिथि विधायक राम निवास शाह रहे। विशिष्ट अतिथियों में भाजपा जिला महामंत्री विक्रम सिंह, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष रिचा सिंह सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को मेडल और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। आयोजन व संचालन वुशू संघ जिला सिंगरौली के सचिव आशिक रसूल ने किया।











